अनिल कुमार
ब्यावर|स्मार्ट हलचल|आयुर्वेद विभाग द्वारा डिजिटल इंडिया और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) को धरातल पर उतारने की कवायद तेज कर दी गई है।बुधवार को जिला कलेक्टर कार्यालय स्थित वी.सी. सभागार में जिला ब्यावर के समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (AAM) के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) और नर्स/कंपाउंडर संवर्ग के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण एकीकृत अस्पताल प्रबंधन प्रणाली (IHMS) पोर्टल के प्रभावी संचालन पर केंद्रित रहा।
वरिष्ठ अधिकारियों का रहा मार्गदर्शन
प्रशिक्षण कार्यक्रम में आयुर्वेद विभाग अजमेर के उपनिदेशक डॉ. हनुमान मीना एवं जिला आयुष कार्यालय ब्यावर के सहायक निदेशक डॉ. सी.पी. सेन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने डिजिटल मिशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए डिजिटल रिकॉर्ड संधारण समय की मांग है।
ऑनलाइन पंजीकरण का मिला व्यावहारिक ज्ञान
मास्टर ट्रेनर डॉ. विनोद कुमार ने उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को IHMS पोर्टल की बारीकियों से अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर जोर दिया गया:
आरोग्य मंदिर आने वाले रोगियों का पोर्टल पर त्वरित ऑनलाइन पंजीकरण कैसे करें।
रोगी के डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड (Health Records) को सुरक्षित रखना।
ABDM के तहत यूनिक हेल्थ आईडी (ABHA Card) का एकीकरण।
सुविधाजनक होगी उपचार प्रक्रिया
इस पोर्टल के शुरू होने से अब आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आने वाले मरीजों को लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी और उनका उपचार रिकॉर्ड डिजिटल रूप में कहीं भी उपलब्ध हो सकेगा। प्रशिक्षण के दौरान जिले भर के सी.एच.ओ. और नर्सिंग स्टाफ ने तकनीकी पहलुओं को समझा और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
