अनिल कुमार
रेफरल सेंटर’ बनकर रह गया अस्पताल, भाजपा की ‘पर्ची सरकार’ के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे कांग्रेसी
ब्यावर | स्मार्ट हलचल|शहर के गौरव कहे जाने वाले राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय की बदहाली और चरमराई चिकित्सा व्यवस्था अब सियासी संग्राम का केंद्र बन गई है। राजस्थान की भाजपा सरकार और स्थानीय नेतृत्व की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। आगामी 12 मई, मंगलवार को सुबह 10:30 बजे कांग्रेस द्वारा अस्पताल परिसर में विशाल घेराव और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
अस्पताल नहीं, ‘रेफरल सेंटर’ बना अमृतकौर
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने स्थानीय नेतृत्व पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी है, जाँच मशीनें धूल फांक रही हैं और दवाओं का स्टॉक खत्म हो चुका है। स्थिति यह है कि सामान्य उपचार के लिए भी गरीब मरीजों को दूसरे शहरों के लिए रेफर कर दिया जाता है। उन्होंने इसे भाजपा की ‘पर्ची सरकार’ की विफलता बताया।
जन-आंदोलन का आह्वान
अजय शर्मा ने आरोप लगाया कि दिल्ली से संचालित होने वाली भजनलाल सरकार और यहाँ के स्थानीय जनप्रतिनिधि ब्यावर की जनता की तकलीफों के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन हैं। उन्होंने कहा, “यह केवल कांग्रेस का विरोध नहीं, बल्कि ब्यावर के हर नागरिक के स्वास्थ्य अधिकारों की रक्षा के लिए एक जन-आंदोलन है।”
भारी संख्या में जुटने की अपील
इस प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पार्षदों, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों सहित आम नागरिकों और सामाजिक संगठनों को भी आमंत्रित किया गया है। ब्लॉक कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ, तो यह आंदोलन और उग्र रूप धारण करेगा। शर्मा ने ब्यावर वासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार के बेहतर भविष्य और हक की लड़ाई के लिए मंगलवार को अस्पताल परिसर पहुँचें।
