पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // वस्त्र नगरी में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें खाकी का बिल्कुल भी खौफ नहीं रहा। भीमगंज और कोतवाली थाना क्षेत्र के बिल्कुल मुहाने पर नागौरी गार्डन में दिन-दहाड़े चेन स्नैचिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नकाबपोश लुटेरों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए सरेराह लूट की वारदात को अंजाम दिया और रफूचक्कर हो गए।
चप्पल खरीदने रुकी महिला और झपट पड़े लुटेरे
जानकारी के अनुसार, घनश्याम गोस्वामी की पत्नी प्रकाश गोस्वामी एक उठावने (शोक सभा) में गई थीं। जहां से उनके चप्पल गायब हो गये। वह अपने पति के साथ नई चप्पल खरीदने के लिए नागौरी गार्डन में एक जूता स्टोर पर रुकीं। जैसे ही वह शोरूम की सीढियां चढने लगीं, पीछे से घात लगाकर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने बाज जैसी फुर्ती दिखाई और महिला के गले पर झपट्टा मार दिया।
खींचातानी में टूटी ढाई तोले की चेन, आधा हिस्सा ले उड़े लुटेरे
पीडिता ने बताया कि उनके गले में लगभग ढाई तोले सोने की चेन थी। बदमाशों ने इतनी जोर से चेन खींची कि छीना-झपटी के दौरान चेन के दो टुकड़े हो गए। शातिर बदमाश चेन का एक बड़ा हिस्सा लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे, जबकि कुछ हिस्सा महिला के पास ही गिर गया। अचानक हुए इस हमले से महिला सहम गई और शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग मदद को दौड़ते, लुटेरे गलियों में ओझल हो चुके थे।
सीसीटीवी में कैद हुई लुटेरों की करतूत, पुलिस की घेराबंदी
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली और भीमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में नाकाबंदी करवाई। राहत की बात यह है कि लुटेरों की यह पूरी करतूत पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर हुलिए का मिलान कर रही है और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पीडिता के परिवार ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि बीच शहर ऐसी वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।
