मुकेश गुर्जर
गंगापुर,स्मार्ट हलचल|राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई द्वारा बलाई मोहल्ला, वार्ड संख्या 2 में महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को स्वच्छता, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, नालियों में कचरा जमा नहीं होने देने तथा घर के बाहर स्वच्छ वातावरण रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बताया गया कि भोजन को खुला न रखें, जिससे मच्छर और मक्खियों के जरिए फैलने वाली बीमारियों से बचाव किया जा सके। महिलाओं को मलेरिया, डायरिया और निमोनिया जैसी मौसमी बीमारियों से बचने के उपाय भी समझाए गए।
सहायक सामाजिक विकास एवं जेंडर सपोर्ट अधिकारी रेखा खटीक ने महिलाओं को एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि घरों के सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले मलजल को टैंकरों के माध्यम से रायपुर रोड, नेहरू नगर स्थित एफएसटीपी प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। वहां इस मलजल का वैज्ञानिक तरीके से उपचार कर खाद में परिवर्तित किया जाएगा, जिसका उपयोग खेती में किया जा सकेगा। इससे गंदगी से मुक्ति मिलेगी और पर्यावरण भी स्वच्छ रहेगा।
कार्यक्रम में किरण शर्मा, रामकन्या शर्मा, मोनिका, सपना जोशी, सोहनी देवी, सुनीता, पारसी सालवी, रुक्मण सालवी, ममता सालवी एवं मांगी देवी सहित कई महिलाओं का सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में समूह चर्चा के माध्यम से महिलाओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
