ग्राम रथों के माध्‍यम से ग्रामीणों को स्‍थानीय भाषा में समझाएं राज्‍य सरकार की योजनाओं के फायदे – जिला कलक्‍टर

-ग्राम रथ अभियान, समर्थन मूल्य पर खरीद और पेयजल आपूर्ति की समीक्षा बैठक हुई सम्‍पन्‍न

बूंदी- स्मार्ट हलचल|जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने बुधवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में ग्राम रथों के संचालन, समर्थन मूल्य पर किसानों की उपज खरीद और पेयजल आपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने ग्राम रथ अभियान से जुड़े 13 विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ राज्य सरकार की मंशानुरूप कार्य करने और ग्राम रथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिन गांवों में ग्राम रथों के कार्यक्रम हो रहे हैं, वहां ग्रामीणों के लिए छाया, पानी और बैठक की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि रथों के साथ जा रहे कला जत्थों के कलाकार नुक्कड़ नाटकों के जरिए स्थानीय भाषा में प्रभावी प्रस्तुतियां दें, ताकि ग्रामीणों को राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की आसानी से जानकारी मिल सके। शाम के समय होने वाली ‘संध्या चौपाल’ में विशेष प्रयास कर अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जावे।
भीषण गर्मी को देखते हुए जिला कलक्टर ने खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत का कार्य ‘मिशन मोड’ पर किया जाए। जिन इलाकों में पानी की किल्लत है, वहां मांग के अनुसार टैंकरों से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। गर्मी के मद्देनजर अस्पतालों में साफ-सफाई रखने और लू व तापघात के उपचार के लिए पर्याप्त दवाइयां व ओआरएस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी उपखंड अधिकारियों को हर हफ्ते चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण करने को कहा गया है।
बैठक में समर्थन मूल्य पर जिंसों की खरीद व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलक्टर ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित खरीद केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर बारदाने की कमी न रहे और जिंसों का उठाव समय पर हो।
उन्‍होंने निर्देश दिए कि किसानों की उपज की खरीद केवल टोकन व्यवस्था से ही की जाए। किसानों को बेची गई उपज का भुगतान तय समय पर मिलना सुनिश्चित हो। खरीद केंद्रों पर छाया, पेयजल के साथ-साथ ओआरएस व अन्य आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध रहें। इसके अलावा कलक्टर ने अधिकारियों को आशान्वित ब्लॉक में शामिल बिंदुओं पर विशेष प्रयास कर जिले की प्रगति बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार शर्मा और जिला रसद अधिकारी देवराज रवि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।