रणवीर सिंह चौहान
भवानी मंडी– स्मार्ट हलचल/आज रविवार को भवानी मंडी के वरिष्ठ पत्रकार बालाजी टाइम्स के सम्पादक व जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान(जार) के प्रदेश संगठन महामंत्री भवँर सिंह कछवाहा को उदयपुर में मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में “विश्व संवाद केंद्र उदयपुर” द्वारा आद्य संवाददाता देवर्षि नारद जयंती पत्रकार सम्मान 2026 कार्यक्रम में “श्रेष्ठ स्तम्भकार” के रूप में चयन कर प्रांत स्तर पर सम्मानित किया। यह सम्मान सत्य,समाजहित एवं उत्तरदायी पत्रकारिता को समर्पित है। कुल पांच श्रेणी में से प्रत्येक श्रेणी में एक उत्कृष्ट चयनित पत्रकार को ही इसके अंतर्गत सम्मानित किया गया है। भवँर सिंह कछवाहा को उनके लिखे हुए स्तम्भ के आधार पर श्रेष्ठ स्तम्भकार के लिए चयन किया गया। मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी उदयपुर के बप्पा रावल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यवक्ता हर्षवर्धन त्रिपाठी वरिष्ठ पत्रकार रहे। साथ ही कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर के कुलगुरु प्रोफेसर सुरेश अग्रवाल रहे। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख महावीर प्रसाद कुमावत विशिष्ट अतिथि थे। साथ ही विश्व संवाद केंद्र के डॉक्टर भानुप्रिय रोहिला,विश्व संवाद केंद्र केडॉक्टर गणेश कलाल आदि मंचासीन थे। वहीं कार्यक्रम की प्रस्तावना विश्व संवाद केंद्र उदयपुर के सचिव प्रवीण कोटिया ने रखी। इस आयोजन में कछवाहा को ओपरना ओढ़ाकर, प्रतीक चिन्ह देकर व पुरस्कार राशी 21 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया। यह जानकारी जार राजस्थान के प्रदेश सचिव अशोक श्रीश्री माल ने दी। इसकी जानकारी मिलते ही उनके चाहने वालों ने बधाइयां दी।
