मंगरोप@मुकेश खटीक।कस्बे की महात्मा गांधी बालिका स्कूल की कक्षा 10वीं की छात्रा तनिषा खटीक ने 89.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तनिषा की इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय में हर्ष का माहौल है और सभी ने उसे बधाइयां दीं।विद्यालय की प्रधानाचार्या वंदना कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में कुल 61 छात्राओं ने भाग लिया।इनमें से 50 छात्राओं ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की,जबकि 11 छात्राओं ने द्वितीय श्रेणी हासिल की। विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम सराहनीय और प्रेरणादायक रहा है।इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य मुकेश कुमार तेली,व्याख्याता जाकिर हुसैन,ऊषा खटीक,कमला जीनगर,सुमित्रा जाट,अध्यापिका बबीता आसवानी,रामनारायण माली,शारीरिक शिक्षिका रेखा खटीक, व्यावसायिक शिक्षक बादल करसौलिया एवं कंप्यूटर अनुदेशक निशा रावत सहित समस्त स्टाफ ने छात्रा का मुंह मीठा करवाकर उज्वल भविष्य की कामना की।प्रधानाचार्या ने बताया कि तनिषा की अन्य पांच बहनें भी पढ़ाई में बेहद मेधावी रही हैं।तनिषा से बड़ी तीन बहनों ने भी इसी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है।अन्य छोटी दो बहनें भी पढ़ने में बहुत होशियार है।तनिषा के पिता प्रहलाद खटीक,जो भंगार व्यवसाय से जुड़े हैं,ने बताया कि उनकी छह बेटियां हैं और उन्हें अपनी बेटियों पर गर्व है।उन्होंने कहा कि भले ही वे स्वयं उच्च शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके,लेकिन वे अपनी सभी बेटियों को शिक्षित और सफल बनाना चाहते हैं।वहीं,गृहिणी माता शोभा देवी ने बताया कि वे अधिक पढ़ी-लिखी नहीं हैं, फिर भी अपनी बेटियों को निरंतर पढ़ाई के लिए प्रेरित करती रहती हैं।छात्रा तनिषा खटीक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन को दिया है।तनिषा की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं।यदि इरादे मजबूत हों और कुछ हासिल करने की दृढ़ इच्छा हो,तो हर मंजिल आसान हो जाती है।
तनिषा की इस उपलब्धि से पूरे मंगरोप क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है तथा अन्य छात्राओं को भी इससे प्रेरणा मिल रही है।
