अजनबियों से सावधान, ‘मना करो-दूर जाओ-बताओ’ का दिया संदेश

जिलेभर के विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविर, विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा और अधिकारों की जानकारी

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ब्यावर की ओर से राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश के निर्देशानुसार ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
शिविरों में विद्यार्थियों को “अजनबियों से सावधान—मना करो, दूर जाओ, बताओ” अभियान के तहत अपरिचित लोगों के बहकावे, प्रलोभन या दबाव में नहीं आने के लिए जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को असुरक्षित स्थिति में स्पष्ट रूप से मना करने, वहां से दूर जाने तथा तत्काल माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को बताने के लिए प्रेरित किया गया।
सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश सोनल पारीख ने खरवा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिविर आयोजित किए। वहीं जिले के अन्य विद्यालयों में भी न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत सुरक्षा, बाल अधिकार, बाल संरक्षण, पोक्सो अधिनियम-2012, बाल दुर्व्यवहार से बचाव एवं निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी।
विद्यार्थियों को सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन माध्यमों पर अनजान व्यक्तियों से सावधानी बरतने तथा अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, नालसा हेल्पलाइन 15100, महिला हेल्पलाइन 181 तथा पुलिस सहायता नंबर 100 एवं 112 की जानकारी दी गई