भादू ग्राम पंचायत में पट्टों को लेकर विवाद, पंचायत पर ताला बंदी; अधिकारियों को झेलना पड़ा ग्रामीणों का विरोध

मांडल । सुरेश चन्द्र मेघवंशी

पंचायत समिति मांडल क्षेत्र की भादू ग्राम पंचायत में पट्टा निर्माण को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। बीते 26 जनवरी से ग्रामीणों द्वारा नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए पंचायत भवन के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने विरोध स्वरूप पंचायत भवन पर ताला बंदी भी कर रखी थी। शुक्रवार को स्थिति का जायजा लेने विकास अधिकारी और तहसीलदार उत्तम कुमार जांगिड पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों को ग्रामीणों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध इतना बढ़ गया कि कुछ समय के लिए तू-तू, मैं-मैं की स्थिति बन गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पट्टे वितरण में अनियमितताएं बरती गई हैं तथा नियमों की अनदेखी कर चयन किया गया। उनका कहना है कि मामले को लेकर पहले ही जिला कलेक्टर एवं उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर जांच की मांग की जा चुकी है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अब अधिकारी पंचायत का रिकॉर्ड अपने साथ लेकर पहुंचे हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा विवादित पट्टों को निरस्त करने की मांग की है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए मामले की जांच का भरोसा दिलाया। मामले को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है ।