रमेश चंद डाड
आकोला । स्मार्ट हलचल मेवाड़ के प्रसिद्ध आस्था केंद्र एवं लाखों श्रद्धालुओं की श्रद्धा के प्रतीक श्री चारभुजा नाथ मंदिर, कोटड़ी में भाईदूज के पावन अवसर पर मंदिर के भेंट पात्र पारंपरिक विधि-विधान के साथ खोले गए। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा ठाकुरजी के चरणों में अर्पित की गई लाखों रुपये की नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य कीमती वस्तुएं प्राप्त हुईं।
भेंट पात्र खोलने की प्रक्रिया मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई। निर्धारित प्रक्रिया के तहत भेंट पात्रों की सील खोलकर नकदी, सिक्कों एवं आभूषणों को अलग-अलग किया गया। पूरी गणना प्रक्रिया पारदर्शिता एवं सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न करवाई गई। नोटों की गिनती और चढ़ावे की छंटनी का कार्य दिनभर जारी रहा। चढ़ावे में कुल राशि 47 लाख 80 हजार 168 रुपये, 20 ग्राम 130 मिलीग्राम सोना और 2 किलो 14 ग्राम चांदी प्राप्त हुआ।
भाईदूज के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों सहित दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने श्री चारभुजा नाथ के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की। श्रद्धालुओं द्वारा अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार ठाकुरजी के चरणों में नकदी, सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य भेंट अर्पित की गई।
मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार भेंट पात्रों से प्राप्त नकदी को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बैंक खाते में जमा करवाया जाएगा। इस राशि का उपयोग मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, विकास कार्यों, श्रद्धालुओं के लिए यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में किया जाएगा। भेंट पात्रों से प्राप्त चढ़ावा श्री चारभुजा नाथ के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, विश्वास और समर्पण का परिचायक है। भक्तों की इसी श्रद्धा से यह पावन धाम क्षेत्र की धार्मिक पहचान के साथ-साथ मेवाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है।