Homeभीलवाड़ाआसींद में भाई ने भाई की किराये की दुकानों में लगाई आग,...

आसींद में भाई ने भाई की किराये की दुकानों में लगाई आग, लाखों का नुकसान, आरोपी गिरफ्तार

रोहित सोनी
आसींद। कस्बे के मुख्य बाजार में मंगलवार अलसुबह एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई, जहां संपत्ति विवाद की आशंका के चलते छोटे भाई ने बड़े भाई की किराये दी गई दुकानों में ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। वारदात मंगलवार तड़के करीब 3:25 बजे बड़े मंदिर के पास घटित हुई। घटना के दौरान आरोपी पूरी तरह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसमें वह ज्वलनशील पदार्थ से भरी केन लेकर दुकानों के शटर सहित आसपास के हिस्सों में तरल पदार्थ छिड़कता हुआ दिखाई दे रहा है। कुछ ही क्षणों बाद दुकानों में भीषण आग भड़क उठी और आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पाँच दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।

आगजनी में साड़ी की दुकान, टेलर की दुकान, गारमेंट्स शोरूम सहित अन्य दुकानों का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी विकराल हो गई कि समीप में खड़ी एक इलेक्ट्रॉनिक कार भी पूरी तरह जल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसींद नगरपालिका अध्यक्ष देवीलाल साहू, डिप्टी ओमप्रकाश सोलंकी, थाना अधिकारी हंसपाल सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। नगरपालिका की दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक दुकानों में रखा सामान जल चुका था।

सबसे बड़ा नुकसान दरबार गारमेंट्स को हुआ, जहां प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 50 लाख रुपये तक का नुकसान बताया जा रहा है। वहीं अन्य दुकानों में भी लाखों रुपये का सामग्री नुकसान हुआ है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आग लगाने वाला युवक पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष भंवरलाल चौरडिया का छोटा भाई पारस उर्फ पप्पू चौरडिया निकला। फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आसींद डीवाईएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी शुरुआती जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने पहले दुकानों पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़का और फिर आग लगा दी। पूछताछ में प्रारंभिक रूप से संपत्ति विवाद की आशंका सामने आई है, हालांकि वास्तविक कारण पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और नुकसान का आकलन भी जारी है।

wp-17693929885043633154854019175650
RELATED ARTICLES