भजन सम्राट गोकुल शर्मा के जन्मदिन पर लाडपुरा गौशाला में होगा भव्य गौ सेवा कार्यक्रम, स्वयं लेंगे भाग
लाडपुरा | स्मार्ट हलचल संवाददाता
राजस्थान और मेवाड़ अंचल के सुप्रसिद्ध भजन सम्राट, श्री सांवरिया सेठ के परम भक्त एवं प्रखर गौ सेवक श्री गोकुल जी शर्मा का जन्मदिन 9 अप्रैल (गुरुवार) को पूरे उल्लास और सेवाभाव के साथ मनाया जाएगा। इस शुभ अवसर पर लाडपुरा स्थित श्री सांवरिया गौशाला में एक विशेष गौ सेवा कार्यक्रम का आयोजन रखा गया है।
गौ माता को खिलाया जाएगा हरा चारा
ग्राम पंचायत लाडपुरा के समस्त ग्रामवासियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, भजन सम्राट गोकुल शर्मा के जन्मदिन के उपलक्ष्य में गौशाला में गौ माता के लिए हरा चारा डालने और विशेष गौ सेवा का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यह कार्यक्रम गोकुल शर्मा की गौ माता के प्रति अगाध श्रद्धा और सेवा भावना को समर्पित है।
सुबह 11 बजे पहुंचेंगे गोकुल शर्मा
आयोजकों ने बताया कि इस पुनीत अवसर पर स्वयं भजन सम्राट गोकुल शर्मा कल (9 अप्रैल) सुबह 11:00 बजे लाडपुरा की श्री सांवरिया गौशाला पहुंचेंगे और गौ सेवा कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से भाग लेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशंसकों और ग्रामवासियों में भारी उत्साह है।
समस्त ग्रामवासी लाडपुरा (ग्राम पंचायत) ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों, गौ सेवकों और गोकुल शर्मा के प्रशंसकों से विनम्र निवेदन किया है कि वे कल सुबह 11 बजे अधिक से अधिक संख्या में श्री सांवरिया गौशाला पहुंचकर इस गौ सेवा कार्यक्रम में शामिल हों और इसे सफल बनाएं।
