कार पलटने से भजन गायक की मौत: हल्दीघाटी से चित्तौड़गढ़ आते हादसा; बेटा और उनके साथी भी साथ थे

डबोक/उदयपुर (स्मार्ट हलचल)। राजस्थान और मेवाड़-मारवाड़ क्षेत्र के सुप्रसिद्ध भजन गायक धनराज जोशी का शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया। यह हृदयविदारक हादसा डबोक थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर दरोली गांव के समीप सुबह करीब 5 बजे हुआ। उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पलट गई। हादसे में कार चालक राजेंद्र सोनेरी भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया है।

बेटे को उदयपुर उतार कर लौट रहे थे गांव

डबोक थानाधिकारी गोपाल नाथ के अनुसार, चित्तौड़गढ़ जिले के बड़वाई निवासी भजन गायक धनराज जोशी गुरुवार रात हल्दीघाटी के निकट सेमल गांव में आयोजित एक भजन संध्या में प्रस्तुति देने गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वे अपने बेटे और अन्य साथियों के साथ कार से वापस अपने गांव बड़वाई लौट रहे थे। रास्ते में उनके बेटे और साथी किसी काम के चलते उदयपुर में ही कार से उतर गए। उन्हें उतारने के बाद चालक राजेंद्र के साथ बड़वाई लौटते समय दरोली के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने घायलों को डबोक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जोशी को मृत घोषित कर दिया।

लाखों दिलों पर राज करती थी धनराज जोशी की आवाज

केवल 8वीं कक्षा तक पढ़े धनराज जोशी ने अपनी अनूठी निर्गुणी गायकी और कॉमेडी शैली से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई थी। इंस्टाग्राम पर उनके 3.79 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। उनका जन्म एक संगीत प्रेमी परिवार में हुआ था; उनकी मां भोली बाई और नाना-नानी भी भजन गायक थे।

उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे (गणपत व सोनू) और एक बेटी (किरण) हैं। उनके निधन की खबर से पूरे संगीत जगत और लाखों प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।