शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा में भक्ति और श्रद्धा का अनोखा माहौल बनाने जा रही श्री सांवरिया सेठ मित्र मंडल की भव्य भजन संध्या को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आगामी 22 मार्च को आयोजित होने वाली इस भजन संध्या को ऐतिहासिक बनाने के लिए मंडल के सदस्यों ने कमर कस ली है। इसी को लेकर मित्र मंडल की आखिरी महत्वपूर्ण बैठक शाहपुरा में आयोजित की गई, जिसमें सभी सदस्यगण और कार्यकर्ता उत्साह के साथ उपस्थित रहे। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मंडल के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस बार भजन संध्या को भक्ति, भव्यता और अनुशासन के साथ आयोजित किया जाएगा, ताकि यह आयोजन शहर के धार्मिक आयोजनों में एक मिसाल बन सके।
बैठक में मित्र मंडल के सदस्यों ने निर्णय लिया कि कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए हर व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया जाएगा। भजन संध्या स्थल की सजावट, भक्तों की बैठने की व्यवस्था, ध्वनि व्यवस्था और स्वागत की तैयारियों को लेकर अलग-अलग जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं को सौंपी गई हैं। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि सांवरिया सेठ के प्रति श्रद्धा और भक्ति का महोत्सव होगा।
इस भक्ति संध्या की खास बात यह रहेगी कि मंडफिया से मुख्य पुजारी कन्हैया दास महाराज विशेष रूप से शाहपुरा पधारेंगे। उनके सान्निध्य में होने वाली भजन संध्या को लेकर भक्तों में अभी से खासा उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि महाराज के आगमन से कार्यक्रम की भव्यता और आध्यात्मिक माहौल और भी बढ़ जाएगा।
मित्र मंडल के कार्यकर्ताओं ने शहरवासियों से भी इस भक्ति आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। उनका कहना है कि सांवरिया सेठ की भक्ति में डूबा यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और आनंद का अनूठा अवसर बनेगा। जैसे-जैसे कार्यक्रम की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे शहर में इस भजन संध्या को लेकर उत्सुकता बढ़ती जा रही है। मंडल के सदस्य दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं ताकि 22 मार्च की यह भजन संध्या शाहपुरा के धार्मिक इतिहास में एक यादगार अध्याय बन सके।
