भीलवाड़ा, 14 अप्रैल। श्री निम्बार्क पारमार्थिक सेवा ट्रस्ट (रजि.) के तत्वावधान में महन्त श्री मोहन शरण जी शास्त्री के सानिध्य में प्रथम सामूहिक सकल हिन्दू समाज विवाह महोत्सव का आयोजन 19 अप्रैल 2026, रविवार को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर किया जाएगा। इस महोत्सव के अंतर्गत वैवाहिक कार्यक्रम 15 अप्रैल से प्रारंभ होंगे। मीडिया प्रभारी दिलीप सोनी ने बताया कि 15 अप्रैल को सायं 7:15 बजे हाथ-धान की रस्म आयोजित की जाएगी। 16 अप्रैल को दोपहर 3:00 बजे मेहंदी, रात्रि 8:00 बजे भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। 17 अप्रैल को रात्रि 8:00 बजे निम्बार्क आश्रम प्रांगण में विवाह गीत एवं भजन संध्या आयोजित की जाएगी। वहीं 18 अप्रैल को रात्रि 8:00 बजे ऋष्य श्रृंग संस्थान में महिला संगीत का कार्यक्रम रखा गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्य विवाह समारोह 19 अप्रैल को ऋष्य श्रृंग संस्थान, ऋष्य श्रृंग चौराहा, हरणी महादेव मार्ग, शास्त्रीनगर, भीलवाड़ा में संपन्न होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7:15 बजे गणपति पूजन एवं कलश स्थापना से होगा, जिसके पश्चात 7:30 बजे अल्पाहार रखा गया है।
प्रातः 9:15 बजे चित्रकूट धाम, नगर निगम से शोभायात्रा एवं बारात प्रस्थान करेगी। इसके बाद 11:15 बजे तोरण एवं बारात स्वागत, 12:15 बजे वरमाला एवं संत सम्मान समारोह आयोजित होगा। दोपहर 1:15 बजे स्वरूचि भोज के पश्चात 2:15 बजे पाणिग्रहण संस्कार सम्पन्न होंगे तथा सायं 4:15 बजे विदाई समारोह के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। ट्रस्ट की ओर से समस्त हिन्दू समाज को इस भव्य आयोजन में सादर आमंत्रित किया गया है।
