Homeभीलवाड़ाभीलवाड़ा में 400 बंगाली परिवारों ने श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया दुर्गा...

भीलवाड़ा में 400 बंगाली परिवारों ने श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया दुर्गा पूजा का पर्व, महिलाओ ने निभाई सिंदूर खेला की रस्म, लगाया एक दूसरे को सिंदूर

भीलवाड़ा । जिले में पांच-पांच पीढ़ियों से यहां रह रहे करीब 400 बंगाली परिवारों ने इस वर्ष भी पारंपरिक श्रद्धा और भक्ति भाव से दुर्गा पूजा का आयोजन किया । मेवाड़ी संस्कृति में पूरी तरह घुल-मिल जाने के बावजूद, बंगाली परिवारों की यह परंपरा उनके सांस्कृतिक गौरव और आस्था का प्रतीक मानी जाती है. नवरात्रि के दौरान स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के आगे पूरे 9 दिन तक सुबह-शाम पूजा, भजन और आरती का दौर चलता रहा । परिवारों और युवाओं ने मिलकर गरिमा और आस्था के साथ त्योहार को मनाया। महिलाएं अपनी पारंपरिक लाल-सफेद साड़ियों और आभूषणों से सजी-धजी मां की पूजा-अर्चना करने पहुंची । इस दौरान, महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर परिवार में सुख-शांति की कामना की । नेताजी सुभाष बंगाली समिति के अध्यक्ष अजय सिन्हा ने बताया कि भीलवाड़ा में बीते 28 सालों से दुर्गा पूजा का आयोजन भव्य रूप से किया जा रहा है । उन्होंने कहा कि यहां रह रहे बंगाली परिवारों के लिए यह सिर्फ धार्मिक पर्व नहीं बल्कि एकता और पहचान का उत्सव है । समय के साथ यह आयोजन और भी भव्य होता चला गया है । राखी घोष ने बताया कि दुर्गा पूजा का पूरे वर्ष इंतजार किया जाता है । मान्यता के अनुसार, मां दुर्गा नवरात्रि स्थापना के दिन अपने पीहर आती हैं और विजयदशमी पर वापस लौटती हैं । इसी कारण दशहरे के दिन महिलाओं के बीच सिंदूर खेला की रस्म निभाई जाती है. यहां होने वाले दुर्गा पूजा पंडालों में न सिर्फ बंगाली समाज बल्कि स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में शामिल होकर उत्सव का आनंद लेते हैं । यही कारण है कि दुर्गा पूजा अब केवल बंगाली समाज का पर्व नहीं रहा, बल्कि यह भीलवाड़ा शहर की सांझी धरोहर बन चुका है । विजयदशमी के अवसर पर बंगाली महिलाओं ने सिंदूर खेला की परंपरा निभाई. पहले मां दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना की गई, उसके बाद महिलाओं ने एक-दूसरे की मांग में सिंदूर भरकर सुख-समृद्धि और दीर्घ वैवाहिक जीवन की कामना की । मां की विदाई के इस भावुक क्षण में पूरा वातावरण भक्ति और उल्लास से भर गया । महिलाएं मां के चरणों में सिंदूर अर्पित कर एक-दूसरे के गालों पर भी सिंदूर लगाती नज़र आईं। इस नज़ारे को देखने के लिए स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में पंडाल में पहुंचे ।

स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
news paper logo
RELATED ARTICLES