भीलवाड़ा। उद्योग विभाग जयपुर द्वारा आयोजित भीलवाड़ा शिल्प उत्सव 2026 के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों ने मेले को विशेष पहचान दिलाई। इसी क्रम में सांस्कृतिक मंच पर सांवरिया सरकार म्यूजिकल ग्रुप के तत्वावधान में सुप्रसिद्ध गायक पीयूष दाधीच राम पांडे आदित्य नागला द्वारा सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके पश्चात सिंगर पीयूष दाधीच ने अपने मधुर व भक्तिमय स्वर में सुंदरकांड पाठ प्रस्तुत किया। जैसे ही चौपाइयों का गायन आरंभ हुआ, पूरा पंडाल भक्तिरस में सराबोर हो गया। श्रोताओं ने “जय श्रीराम” के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सुंदरकांड पाठ के दौरान हनुमान जी की भक्ति, शक्ति और श्रीराम के प्रति अटूट समर्पण का भाव अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। पीयूष दाधीच की भावपूर्ण गायकी और सांवरिया संस्कार म्यूजिकल ग्रुप के सधे हुए वाद्य संयोजन ने प्रस्तुति को और भी आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक, शिल्पकार एवं मेले में आए पर्यटक उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन शिल्प उत्सव को केवल व्यापारिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्वरूप भी प्रदान करते हैं। उद्योग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भीलवाड़ा शिल्प उत्सव का उद्देश्य स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के साथ-साथ राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और धार्मिक विरासत को मंच प्रदान करना है। सुंदरकांड पाठ जैसी प्रस्तुतियां लोगों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों द्वारा कलाकारों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण भी किया गया। संपूर्ण आयोजन शांत, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धा से परिपूर्ण रहा।













