भैंस व गाय की मृत्यु पर आईसीआईसीआई लोम्बारड (ICICI Lombard) ने स्वीकृत की क्लेम राशि, सरस पशु बीमा योजना के तहत भीलवाड़ा डेयरी में हुआ वितरण
(पंकज पोरवाल)
*पशुधन के आकस्मिक नुकसान में बीमा बनेगा आर्थिक संबल: एमडी त्रिभुवन पाटीदार*
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|पशुधन पशुपालकों की आय का महत्वपूर्ण आधार है और किसी पशु के आकस्मिक नुकसान से परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो सकती है। ऐसे में पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से संचालित सरस पशु बीमा योजना के तहत भीलवाड़ा दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से तीन पशुपालकों को कुल 1.50 लाख रुपए की बीमा क्लेम राशि के चेक वितरित किए गए। भीलवाड़ा डेयरी में आयोजित कार्यक्रम में आईसीआईसीआई लोम्बारड (ICICI Lombard) की ओर से स्वीकृत पशु बीमा क्लेम राशि के चेक डेयरी के प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार ने संबंधित पशुपालकों को प्रदान किए। कार्यक्रम में बादाम देवी, मोतीपुरा को भैंस के पशु बीमा क्लेम के रूप में 60 हजार रुपए, मुन्नी देवी, मोतीपुरा को गाय के लिए 40 हजार रुपए तथा कान सिंह चुंडावत, ग्राम बागा का खेड़ा को गाय के पशु बीमा क्लेम के रूप में 50 हजार रुपए की राशि का चेक दिया गया। क्लेम राशि मिलने पर पशुपालकों को पशुधन के आकस्मिक नुकसान से उत्पन्न आर्थिक परेशानी में राहत मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार ने कहा कि सरस पशु बीमा योजना का प्रमुख उद्देश्य पशुपालकों को उनके पशुधन के आकस्मिक नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पशुपालक अपने पशुओं का बीमा करवाकर ऐसी परिस्थितियों में होने वाले आर्थिक नुकसान को काफी हद तक कम कर सकते हैं। उन्होंने पशुपालकों से अधिक से अधिक संख्या में पशु बीमा योजना का लाभ लेने तथा डेयरी की ओर से पशुपालकों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया। डेयरी प्रबंधन की ओर से बताया गया कि पशुपालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, ताकि दुग्ध उत्पादकों को पशुपालन के दौरान आने वाली आर्थिक एवं व्यावहारिक परेशानियों से राहत मिल सके। पशु बीमा योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से बीमित पशु के आकस्मिक नुकसान की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत पशुपालक को क्लेम राशि उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम में भीलवाड़ा डेयरी के एफओ इंचार्ज रामप्रसाद कुमावत, इनपुट इंचार्ज वाई.पी. सिंह, इंचार्ज पशुआहार संयंत्र राकेश सिंह, पशु चिकित्सक डॉ. अक्षय शर्मा एवं डॉ. विष्णु गर्ग सहित आईसीआईसीआई लोम्बारड (ICICI Lombard) की टीम के सदस्य दिव्येंदु शाह एवं सुनील विष्णोई उपस्थित रहे। डेयरी प्रबंधन ने कहा कि पशुपालकों के हित में संचालित योजनाओं को निरंतर प्रभावी रूप से लागू करने और अधिक से अधिक पशुपालकों तक उनका लाभ पहुंचाने के प्रयास जारी रहेंगे।