(पंकज पोरवाल)
*केक ए फैक्ट्री व यूनिक ढाबा से 18 किलो खाद्य सामग्री व डी-मार्ट में 50 किलो फंगस लगे काजू-पिस्ता करवाए नष्ट*
तीन टीमों ने एक साथ की ताबड़तोड़ कार्रवाई, खाद्य तेल-घी समेत चार नमूने जांच के लिए भेजे
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को जिले में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर तीन टीमों ने शहर के प्रमुख मॉल, खाद्य प्रतिष्ठानों, फैक्ट्री और ढाबों का एक साथ निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान शहर स्थित डी-मार्ट, भीलवाड़ा में खाद्य सामग्री की जांच के दौरान 50 किलोग्राम दूषित एवं फंगस लगे काजू-पिस्ता पाए गए। टीम ने आमजन के स्वास्थ्य को देखते हुए इन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया। इसी क्रम में केक ए फैक्ट्री, अजमेर रोड से 8 किलोग्राम बेकरी प्रोडक्ट तथा यूनिक ढाबा, माण्डल चौराहा से अण्डे एवं अन्य खाद्य सामग्री सहित 10 किलोग्राम सामग्री नष्ट करवाई गई। खाद्य सुरक्षा टीमों ने रिलायंस मॉल एवं सिटी सेंटर मॉल का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, पैकेजिंग, रख-रखाव एवं अन्य खाद्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित प्रतिष्ठानों को आवश्यक निर्देश दिए। अभियान के दौरान ब्लीकंट ई-कॉमर्स, नेहरू रोड से कच्ची घाणी सरसों तेल तथा द ओमजी सुपरमार्ट, शास्त्रीनगर से घी एवं धनिया पाउडर के नमूने लिए गए। संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों में आवश्यक सुधार के लिए सुधारात्मक नोटिस जारी किए गए। सभी लिए गए खाद्य नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भिजवाया गया है। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण अभियान की पहली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार, साक्षी जैन, शाहरूख खान एवं विजय मेहता रहे। दूसरी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कुलदीप चौधरी, नीरज मीना, अंकित शर्मा एवं संजय वर्मा ने कार्रवाई की। वहीं तीसरी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव मय टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। दूषित, मिलावटी अथवा मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।