वर्ल्ड स्कूल बास्केटबॉल टीम में भीलवाड़ा के शानी गोरी का चयन

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल।भीलवाड़ा के होनहार बास्केटबॉल खिलाड़ी मो. शानी गोरी का चयन भारतीय वर्ल्ड स्कूल बास्केटबॉल टीम में हुआ है। यह टीम 16 जून से 22 जून तक ज़्लातिबोर में आयोजित होने वाली विश्व स्कूल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। शानी इससे पहले मालदीव में आयोजित साउथ एशियन बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे, जहां भारत ने फाइनल में मालदीव को हराकर स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। इसके बाद उन्होंने मंगोलिया में आयोजित फीबा एशिया प्रतियोगिता में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया और शानदार प्रदर्शन किया। हाल ही में आयोजित जूनियर नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भी शानी ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। शानी के चयन से भीलवाड़ा के बास्केटबॉल परिवार एवं खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। जिला बास्केटबॉल संघ के सचिव प्यारे लाल खोईवाल एवं अध्यक्ष अजय भंडारी ने शानी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहित भंडारी, शिव खोईवाल, लोकेश खोईवाल एवं देवेंद्र खोईवाल ने भी शानी को शुभकामनाएं दीं। स्टेडियम टेक्निकल कमेटी के चेयरमैन रणजीत खोईवाल सहित जसवंत खोईवाल, शिव बैरवा, सिद्धार्थ सिंघवी, राहुल जयसवाल, नीरज शर्मा एवं अभि जैन ने भी शानी के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें विश्व प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। शानी का यह चयन भीलवाड़ा जिले के लिए गर्व का विषय है और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बनेगा।