महेन्द्र नागौरी
भद्रा का साया नहीं, दिनभर शुभ मुहूर्त; राखी से लेकर मिठाइयों तक बाजार गुलजार, ट्रैफिक संभालने में जुटा प्रशासन
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन कल पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व से एक दिन पहले गुरुवार को ही वस्त्रनगरी के बाजारों में त्योहारी रंग पूरी तरह चढ़ गया। गोल प्याऊ चौराहा, सूचना केंद्र, रेलवे स्टेशन रोड, सांगानेरी गेट और आजाद चौक सहित प्रमुख बाजारों में देर शाम तक खरीदारों की भीड़ उमड़ती रही। दुकानों के बाहर सजे अस्थायी राखी स्टॉल और रंग-बिरंगी सजावट ने बाजारों को खासा आकर्षक बना दिया।
राखियों की रंग-बिरंगी दुनिया, बच्चों की पसंद अलग:-
इस बार बाजार में पारंपरिक राखियों के साथ नए डिजाइन और आधुनिक रंग-रूप वाली राखियों की भी जमकर मांग है। रेशमी धागे, जरदोजी, चंदन और मोती वाली राखियां ग्राहकों को खूब भा रही हैं। वहीं बच्चों के लिए लाइटिंग वाली राखियां और कार्टून कैरेक्टर आधारित राखियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
दुकानदारों के मुताबिक बच्चों में छोटा भीम, रेमन और एवेंजर्स जैसी थीम वाली राखियों को लेकर खास उत्साह है। वहीं पर्यावरण के प्रति बढ़ती जागरूकता का असर भी बाजार में दिखाई दे रहा है। इको-फ्रेंडली राखियों और बीज वाली राखियों को भी ग्राहक पसंद कर रहे हैं। इन राखियों को पर्व के बाद मिट्टी में लगाने पर पौधा उगाने का संदेश दिया जा रहा है।
राखी के साथ नारियल की बंपर बिक्री:-
रक्षाबंधन पर बहनों द्वारा भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के साथ नारियल देने की परंपरा के चलते नारियल की बिक्री भी तेज हो गई है। बाजारों में नारियल के अलग-अलग आकार और गुणवत्ता के ढेर नजर आ रहे हैं। दुकानदारों ने मांग को देखते हुए पर्याप्त स्टॉक जुटाया है।
मिठाई की दुकानों पर सुबह से भीड़
राखी बांधने के बाद भाई-बहन का मुंह मीठा कराने की परंपरा ने मिठाई कारोबार को भी रफ्तार दे दी है। शहर की प्रमुख मिठाई दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की कतारें नजर आईं। पेड़ा, मावा मिठाइयां, काजू कतली सहित विभिन्न विशेष वैरायटी की मिठाइयों की बिक्री तेज रही।
ग्राहकों की बढ़ती मांग को देखते हुए मिठाई कारोबारियों ने अतिरिक्त कारीगर लगाए हैं। शुद्धता, गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के साथ मिठाइयों की पैकिंग भी आकर्षक तरीके से की जा रही है। कई दुकानों पर राखी के लिए विशेष गिफ्ट पैक भी तैयार किए गए हैं।
भद्रा नहीं, दिनभर शुभ मुहूर्त
पंडितों के अनुसार इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं होने के कारण बहनों को राखी बांधने के लिए दिनभर शुभ अवसर उपलब्ध रहेगा। इससे पर्व को लेकर लोगों में खास उत्साह है। बहनें भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करेंगी, वहीं भाई बहनों को उपहार भेंट कर जीवनभर उनकी रक्षा का संकल्प दोहराएंगे।
बाजारों की भीड़ ने बढ़ाई प्रशासन की चुनौती
त्योहारी खरीदारी के चलते बाजारों में बढ़ी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस भी सतर्क है। मुख्य बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध और डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। प्रमुख बाजार क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।
पुलिस का फोकस:- भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात नियंत्रण के साथ महिलाओं, बच्चों और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सुरक्षा पर रहेगा।
भाई की कलाई पर सजेगा प्यार का धागा
रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर भीलवाड़ा के बाजारों की तस्वीर साफ बता रही है कि पर्व को लेकर लोगों में उत्साह चरम पर है। कहीं बहन भाई के लिए पसंदीदा राखी चुनती नजर आई तो कहीं भाई बहन के लिए उपहार खरीदते दिखे। बाजारों में उमड़ी भीड़ ने कारोबारियों के चेहरों पर भी रौनक ला दी है।
कल जब बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधेंगी तो यह सिर्फ एक धागा नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास, जिम्मेदारी और जीवनभर साथ निभाने के वचन का प्रतीक बनेगा। रक्षाबंधन को लेकर पूरे शहर में उत्सव और खुशियों का माहौल है।
