भीलवाड़ा पुलिस ने राजकॉप FIR का दुरुपयोग कर ठगी करने वाले साइबर आरोपी को गिरफ्तार किया
भीलवाड़ा, 15 फरवरी 2026: भीलवाड़ा पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए सत्येन्द्र सिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी राजकॉप ऐप से थानों की FIR डाउनलोड कर पीड़ितों के मोबाइल नंबर निकालकर स्वयं को “SP” या “SHO” बताकर न्याय दिलाने का झांसा देकर वसूली करता था।
साइबर व रायला पुलिस की संयुक्त टीमकी कार्रवाई – 2 दिन जंगल कैंपिंग के बाद एमपी-यूपी बॉर्डर से साइबर आरोपी सत्येन्द्र गिरफ्तार।
कैसे हुई गिरफ्तारी
जिला साइबर सेल की तकनीकी जांच में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर आरोपी की लोकेशन महेबा चक्र-2, लिधौरा, जिला टीकमगढ़ (मध्यप्रदेश) में चिन्हित की गई। स्थानीय पुलिस चौकी जेवर और थाना चनेरा के सहयोग से सत्येन्द्र को विधिवत हिरासत में लिया गया।
आरोप और जांच
पुलिस के अनुसार आरोपी ने RajCop Citizen App और अन्य ऑनलाइन सिटीजन सर्विस प्लेटफॉर्म पर फर्जी नंबरों से लॉगिन कर FIR की कॉपी डाउनलोड की और उसमें उपलब्ध पीड़ितों के नंबर लेकर संपर्क कर ठगी करता था।
आरोपी द्वारा पूछताछ में सामने आया कि आरोपी RajCop Citizen App एवं अन्य राज्यों की ऑनलाइन सिटीजन सर्विस एप/वेबसाइट पर फर्जी मोबाइल नंबर से लॉगिन कर विभिन्न थानों की FIR कॉपी डाउनलोड करते है।
प्रभावित संख्या और पुलिस संदेश
जांच में यह सामने आया कि राजस्थान के सैकड़ों व्यक्तियों से ठगी/ठगी का प्रयास किया गया और भीलवाड़ा जिले में 40 से अधिक लोगों के साथ इसी तरीके से ठगी के प्रयास हुए। गिरफ्तार आरोपी का नाम सतेन्द्र सिंह / देशपत यादव (26) बताया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह का संदेश: साइबर अपराधी प्रतिदिन नए-नए तरीकों से ठगी करने का प्रयास कर रहे हैं। आमजन सतर्क एवं जागरूक रहें। पुलिस के नाम से आने वाले किसी भी कॉल या संदेश से सावधान रहें और न्याय या कार्यवाही के नाम पर किसी भी व्यक्ति को राशि न दें। संदिग्ध कॉल/मैसेज की सूचना 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाना को दें।
