महिला सुरक्षा को लेकर भीलवाड़ा पुलिस का जनजागरण अभियान, कालिका पेट्रोलिंग व महिला बीट अधिकारी योजना की दी जानकारी

महिला पुलिसकर्मियों से संवाद, शहर में पैदल मार्च व वाहन रैली निकालकर हेल्पलाइन और कानूनों के प्रति किया जागरूक

भीलवाड़ा, स्मार्ट हलचल। महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन भीलवाड़ा में राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों तथा राजस्थान पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी आमजन और पुलिसकर्मियों तक पहुंचाना रहा।

जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा (आईपीएस) के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में जिले की महिला पुलिसकर्मियों से संवाद किया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़, स्टॉकिंग एवं महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की एसओपी तथा महिला बीट अधिकारी योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके बाद कालिका पेट्रोलिंग यूनिट एवं महिला पुलिसकर्मियों ने भीलवाड़ा शहर में पैदल मार्च और वाहन रैली निकालकर आमजन को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों को राजकॉप (RajCop) ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया गया तथा महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं पुलिस आपातकालीन हेल्पलाइन 112 की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश आर्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित कुमार (SIUCAW), पुलिस उप अधीक्षक शिल्पा भादविया (SIUCAW) सहित महिला पुलिस अधिकारी पुष्पा कासोटिया एवं मेघना त्रिपाठी सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।