भीलवाड़ा पुलिस का एक दिवसीय विशेष अभियान, 319 आरोपियों की गिरफ्तारी

469 पुलिसकर्मियों ने 457 स्थानों पर दी दबिश, अवैध शराब जब्त, हार्डकोर व वांछित अपराधी भी पकड़े गए

भीलवाड़ा, स्मार्ट हलचल। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए भीलवाड़ा पुलिस ने एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत जिलेभर में 118 टीमों का गठन किया गया, जिनमें 469 पुलिसकर्मियों ने 457 स्थानों पर एक साथ दबिश देकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं आबकारी एक्ट के तहत 9 प्रकरण दर्ज कर 26 लीटर अवैध शराब जब्त की गई तथा 8,275 लीटर वॉश नष्ट किया गया।

पुलिस ने अभियान के दौरान स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधी, गिरफ्तारी वारंट, धारा 299 दंड प्रक्रिया संहिता एवं धारा 335 बीएनएसएस के तहत 166 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

इसके अलावा आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट, हत्या, हत्या के प्रयास, लूट एवं डकैती जैसे गंभीर मामलों में वांछित 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं हार्डकोर, हिस्ट्रीशीटर एवं इनामी श्रेणी के 30 अपराधियों, जघन्य अपराधों में वांछित 3 अपराधियों तथा सामान्य प्रकरणों में वांछित 10 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

अभियान के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 170 बीएनएसएस के तहत 105 असामाजिक तत्वों को भी गिरफ्तार किया गया।

भीलवाड़ा पुलिस ने बताया कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।