भीलवाड़ा (स्मार्ट हलचल)। शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र स्थित तिलक नगर में रविवार दोपहर अवैध बजरी माफियाओं का कहर देखने को मिला। यहां मौत बनकर दौड़ रहे अवैध बजरी से भरे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दो छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में ट्रैक्टर के पहियों तले कुचलने से एक छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद भागने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली भी कुछ दूरी पर जाकर बेकाबू होकर पलट गई।
स्टेशनरी का सामान लेकर लौट रहे थे कमरे पर
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राकेश (21) पुत्र फोरू धाकड़ और घायल साथी की पहचान गोविंद के रूप में हुई है। दोनों सिंगोली के बागीत गांव के रहने वाले हैं और यहां तिलक नगर में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई कर रहे थे। रविवार दोपहर दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर बाजार से स्टेशनरी का सामान लेने गए थे। वहां से लौटते समय इंपीरियल होटल के पास पीछे से आ रहे अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। साथी गोविंद ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सीधे राकेश के ऊपर से उसे कुचलते हुए निकल गई।
भागने के चक्कर में पलटा ट्रैक्टर, चालक फरार
बाइक सवारों को टक्कर मारने के बाद खौफजदा चालक ने ट्रैक्टर रोकने के बजाय उसे तेज स्पीड में भगाना शुरू कर दिया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद आक्रोशित लोग उसे पकड़ने के लिए पीछे दौड़े। लोगों को पीछे आता देख चालक हड़बड़ा गया और घटनास्थल से करीब 200-300 मीटर दूर एक मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई। इस दौरान मौके का फायदा उठाकर चालक वहां से फरार हो गया।
बजरी माफियाओं के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश
सूचना मिलने पर भीमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक युवक राकेश के शव को कब्जे में लेकर महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
वहीं, दिनदहाड़े हुए इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस रोड पर दिन-रात अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मौत बनकर दौड़ते रहते हैं, लेकिन उन्हें रोकने वाला कोई नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
