कोली मोहल्ला, दादाबाड़ी व शीतला माता मंदिर क्षेत्र में टूटी सड़कों और खुली नालियों से आमजन परेशान; जिला यूथ कांग्रेस के रवि कुमार कोली ने नगर निगम प्रशासन से की मौके का निरीक्षण कर स्थायी समाधान की मांग
भीलवाड़ा (स्मार्ट हलचल)शहर के वार्ड नंबर 53 के कोली मोहल्ला, दादाबाड़ी एवं शीतला माता जी मंदिर के पीछे गली नंबर 2 क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय निवासियों में गहरी नाराजगी है। क्षेत्र में पिछले करीब 20 वर्षों से सड़क निर्माण नहीं होने तथा नियमित कचरा संग्रहण व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने की गंभीर समस्या सामने आई है। जनहित के इन मुद्दों को लेकर जिला यूथ कांग्रेस कमेटी, भीलवाड़ा के रवि कुमार कोली ने नगर निगम प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करते हुए आवाज उठाई है।
क्षतिग्रस्त सड़कों से आवागमन मुश्किल, कचरा निस्तारण बनी बड़ी समस्या
स्थानीय क्षेत्र में जगह-जगह सड़कें क्षतिग्रस्त पड़ी हैं और सड़क के कटे हुए हिस्सों की मरम्मत नहीं होने से राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कचरा संग्रहण की समुचित व्यवस्था नहीं होने से घरों का कचरा निस्तारण भी आमजन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
खुली व टूटी नालियों में बह रहा गंदा पानी, सफाई व्यवस्था चरमराई
सड़क और कचरा संग्रहण के अलावा क्षेत्र में खुली और टूटी नालियों में गंदा पानी बहने, नालियों के किनारे क्षतिग्रस्त होने तथा नियमित सफाई नहीं होने से हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। गंदगी के चलते क्षेत्रवासियों को रोजमर्रा की दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है।
मौके का निरीक्षण कर स्थायी समाधान करने की मांग
रवि कुमार कोली ने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर शिकायतें दर्ज करवाकर संबंधित अधिकारियों से समाधान की मांग की जा रही है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि वार्ड 53 में नई सड़कों का निर्माण करवाया जाए, सड़क के कटे हुए हिस्सों को जोड़ा जाए, नियमित कचरा संग्रहण वाहन की व्यवस्था की जाए तथा टूटी नालियों की मरम्मत कर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन को मौके का निरीक्षण कर वर्षों से लंबित इन बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान करना चाहिए।