राज्य स्तरीय कुश्ती में भीलवाड़ा ने रचा इतिहास: एक साथ 6 जनरल चैंपियनशिप जीतकर बनाया प्रदेश में रिकॉर्ड
भीलवाड़ा | स्मार्ट हलचल संवाददाता
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम (SMS) में आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में भीलवाड़ा जिले के पुरुष एवं महिला पहलवानों ने अपने दमदार प्रदर्शन से इतिहास रच दिया है। अंडर-20 (जूनियर वर्ग) एवं अंडर-17 (सब-जूनियर) सहित सभी 6 जनरल चैंपियनशिप जीतकर भीलवाड़ा ने राजस्थान में एक ऐसा अनूठा रिकॉर्ड अपने नाम किया है, जो आज से पहले प्रदेश के किसी अन्य जिले के नाम दर्ज नहीं था।
भीलवाड़ा जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र (सुखाड़िया स्टेडियम) एवं केसरी नंदन व्यायाम शाला के अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रशिक्षक जगदीश जाट ने बताया कि यह कुश्ती प्रतियोगिता 5 अप्रैल से 7 अप्रैल तक सवाई मानसिंह स्टेडियम के इंडोर हॉल में आयोजित हुई। इसमें भीलवाड़ा के पहलवानों (विशेषकर केसरी नंदन व्यायाम शाला, टंकी के बालाजी के पहलवानों) ने स्वर्ण पदकों की झड़ी लगाते हुए जनरल चैंपियनशिप में सर्वाधिक अंकों के साथ अपना दबदबा कायम किया।
उपमुख्यमंत्री और अतिथियों ने किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर राजस्थान के उपमुख्यमंत्री श्री प्रेमचंद बैरवा, राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के प्रधान एवं लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के ओएसडी श्री राजीव दत्ता एवं राजस्थान कुश्ती संघ के सचिव श्री उम्मेद सिंह झांझरिया ने सभी विजेता पहलवानों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक पहनाकर सम्मानित किया और उनका हौसला बढ़ाया।
अंडर-20 जूनियर वर्ग:
- ख़ुशी जाट – 72 किलोग्राम (स्वर्ण पदक)
- संदीप – 60 किलोग्राम ग्रीको-रोमन (स्वर्ण पदक)
- देवेंद्र सिंह – 79 किलोग्राम फ्रीस्टाइल (रजत पदक)
- चंचल माली – 65 किलोग्राम (रजत पदक)
- खेतु चौधरी – 72 किलोग्राम (कांस्य पदक)
- मनीष माली – 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल (कांस्य पदक)
- अनिल जाट – 63 किलोग्राम ग्रीको-रोमन (कांस्य पदक)
- पंकज माली – 130 किलोग्राम ग्रीको-रोमन (कांस्य पदक)
अंडर-17 सब-जूनियर वर्ग:
- पंकज माली – 125 किलोग्राम ग्रीको-रोमन (स्वर्ण पदक)
- चारवी माली – 46 किलोग्राम (रजत पदक)
- चित्रांशा – 40 किलोग्राम (कांस्य पदक)
- राघव माली – 48 किलोग्राम फ्रीस्टाइल (कांस्य पदक)
- विशाल माली – 45 किलोग्राम ग्रीको-रोमन (कांस्य पदक)
खेल प्रेमियों व अतिथियों ने दी बधाई
इस ऐतिहासिक सफलता पर भीलवाड़ा जिला खेल अधिकारी श्री हेमेंद्र सिंह राणावत ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। इसके अलावा केसरी नंदन व्यायाम शाला के संरक्षक श्री राधेश्याम बहेड़िया, अध्यक्ष सुवालाल जाट, सचिव अरुण शर्मा, धर्मेंद्र पारीक, कोषाध्यक्ष महेश पांडे, रतनलाल जाट (रेलवे), छोटू लाल माली, भेरू पटेल, धनराज माली, शंकर लाल जाट, पीयूष शर्मा, राहुल जाट, प्रदीप जाट, रतनलाल (आरटीओ), विष्णु नकवाल, सुनील शर्मा, जांगिड़ युवा महासभा के जिलाध्यक्ष रतनलाल सुथार और सह-प्रशिक्षक राकेश जाट व नवीन मारू सहित अनेक खेल प्रेमियों ने पहलवानों की इस कामयाबी पर हर्ष व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
