(मोहम्मद आज़ाद नेब)
जहाजपुर\स्मार्ट हलचल|आजाद समाज पार्टी व भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने भीम आर्मी का स्थापना दिवस हर्ष और उल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और “जय भीम”, “भीम आर्मी ज़िंदाबाद” के नारों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। मिठाइयाँ बाँटकर खुशी का इज़हार किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।
कार्यक्रम में भीलवाड़ा जिला उपाध्यक्ष मंजू रेगर ने कहा कि महिलाएँ बड़ी संख्या में भीम आर्मी से जुड़ रही हैं और संगठन को मजबूती प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि न्याय की लड़ाई में महिलाओं की भागीदारी जरूरी है और भीम आर्मी इसके लिए हमेशा तत्पर है।
शाहपुरा पूर्व जिला अध्यक्ष एवं जहाजपुर-कोटड़ी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी भेरूलाल रेगर ने कहा, “भीम आर्मी गरीबों की आवाज है, यह अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई लड़ती है और जब तक न्याय नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रखती है।”
इस मौके पर जहाजपुर तहसील महिला अध्यक्ष फोरी देवी रेगर, नगर अध्यक्ष आशा देवी, उपाध्यक्ष कांता देवी, सुपरस्टार डांसर किरण कुमारी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम जय भीम के नारों के साथ संपन्न हुआ।