सांसद ने सचेतक की भूमिका और संसद कार्यप्रणाली पर की चर्चा
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े से जयपुर स्थित राजभवन में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान सांसद अग्रवाल ने अपने संसदीय क्षेत्र भीलवाड़ा में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए संसद में अपनी भूमिका और अनुभवों को साझा किया।
सांसद प्रवक्ता विनोद झुरानी ने बताया कि यह औपचारिक शिष्टाचार भेंट थी, जिसमें क्षेत्रीय विकास, संसदीय कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। सांसद अग्रवाल ने राज्यपाल को भीलवाड़ा में संचालित विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों से अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान सांसद अग्रवाल ने संसद में सचेतक के रूप में निभाई जा रही अपनी जिम्मेदारियों और अनुभवों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के प्रशासनिक अनुभव, मार्गदर्शन और विचारों से उन्हें काफी प्रेरणा मिली।
सांसद अग्रवाल ने इस भेंट को अत्यंत प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि राज्यपाल के अनुभवों से उन्हें जनसेवा और संसदीय दायित्वों को और बेहतर ढंग से निभाने की सीख मिली है।
