भीलवाड़ा में कड़ी सुरक्षा में एएसआई/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा हुई, सख्त जांच के बीच अभ्यर्थियों को दी एंट्री,देरी से पहुंचने पर तीन को नहीं मिली एंट्री

भीलवाड़ा। जिले में एएसआई एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा रविवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 15,327 अभ्यर्थी शामिल हुए । दो दिन तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए प्रशासन ने विशेष सुरक्षा इंतजाम किए । परीक्षा केंद्रों पर रविवार सुबह से ही अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई तथा आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद ही अंदर प्रवेश दिया गया। इसके बाद भी उन्हें एक और सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा। सख्ती का आलम यह रहा कि कई अभ्यर्थियों की शर्ट उतरवाई गई, वहीं जींस के मेटल बटन तक कटवाए गए। कुछ अभ्यर्थियों के हाथ व गले में बंधे धागे हटवाए गए तथा शर्ट की स्लीव भी काटी गई। महिला अभ्यर्थियों के दुपट्टे भी केंद्र के बाहर ही उतरवाए गए। साथ ही सभी अभ्यर्थियों को जूते-चप्पल बाहर उतरवाकर ही प्रवेश दिया गया। समय की पाबंदी भी सख्ती से लागू की गई। देरी से पहुंचने वाले तीन अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई। प्रवेश सुबह 9 बजे से शुरू होकर 10 बजे तक ही दिया गया, इसके बाद गेट बंद कर दिए गए। परीक्षा दो पारियों में आयोजित की गई । पहली पारी सुबह 11 बजे से शुरू हुई जो दोपहर 1 बजे तक खत्म हुई तथा दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक हुई। प्रत्येक पारी के लिए परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले प्रवेश बंद कर दिया गया । अभ्यर्थियों के लिए मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र, रंगीन फोटो एवं एडमिट कार्ड लाना अनिवार्य किया गया । साथ ही उन्हें परीक्षा समय से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए । ओएमआर शीट में पांचवां विकल्प भरने के लिए अतिरिक्त 10 मिनट का समय भी दिया गया ।