भीलवाड़ा। सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल साहिब के जन्मोत्सव चेटीचण्ड महोत्सव के उपलक्ष में भीलवाड़ा के सकल सिंधी समाज ने सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया। सिन्धुपति युवा सेवा संस्कार समिति (रजि.) व सिन्धुपति महिला मण्डल के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में समाज के युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 172 यूनिट रक्तदान कर मानव सेवा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।
संस्था के अध्यक्ष दीपू सभनाणी ने बताया कि संस्था द्वारा यह 26वां रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ गोविंद धाम दरबार के संत किशन चंद महाराज, माता श्री पारो बहन, सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष रमेश सबनानी तथा श्री झूलेलाल मित्र मंडल के हीरालाल गुरनानी द्वारा भगवान श्री झूलेलाल साहिब की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर संतों एवं अतिथियों ने रक्तदाताओं को आशीर्वाद देते हुए समाज सेवा के कार्यों में निरंतर भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई युवा रक्तदाता पहली बार रक्तदान करने पहुंचे और उन्होंने इसे मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताया। पूरे शिविर के दौरान रक्तदाताओं में सेवा का उत्साह देखते ही बन रहा था। समाज के वरिष्ठजनों ने भी युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
रक्तदान शिविर के साथ-साथ समाजहित में निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का भी आयोजन किया गया। यह शिविर दरियानी परिवार और अरिहंत हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने नेत्र जांच करवाई और आवश्यक मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। इस पहल को समाजजनों ने काफी सराहा।
इस आयोजन को सफल बनाने में पूज्य दादा साहिब झूलेलाल मंदिर, हरिशेवा धाम, प्रेम प्रकाश (सांई टेऊराम साहिब) आश्रम, श्री गोविंद धाम दरबार और माँ इच्छपूर्णी दुर्गा माता मंदिर का विशेष आशीर्वाद प्राप्त हुआ। साथ ही सिंधी सेंट्रल पंचायत, श्री झूलेलाल मित्र मंडल, अमर शहीद हेमू कालाणी शिक्षण संस्थान, संत कंवर राम धर्मशाला मंडल ट्रस्ट सहित समाज की विभिन्न संस्थाओं व व्यापारिक वर्ग ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
इसके अतिरिक्त दीपक खुबवानी, विजय लखवानी, दिलीप रामनानी, ताराचंद बाबानी, गिरीश कृपलानी, प्रकाश मोटवानी, सन्नी खोतानी, राजू पेशवानी, धर्मेंद्र देवनानी, प्रेम मोतियानी, पवन राजानी, कमलेश मेठानी, दीपक मोतियानी, सुरेश पेशवानी, जितेंद्र पोपटानी, दीपक लालवानी, महेश सबनानी, प्रदीप सावलानी, ललित झामनानी, विकास उदवानी, भगवान सामतानी, अशोक जगत्यानी, महेश दरियानी, राजकुमार दरियानी सहित समाज के अनेक कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। चेटीचण्ड के इस पावन अवसर पर आयोजित यह रक्तदान शिविर न केवल समाज सेवा का संदेश दे गया बल्कि यह भी साबित कर गया कि जब समाज एकजुट होकर सेवा का संकल्प लेता है तो मानवता का सबसे बड़ा पर्व बन जाता है।
