भीलवाड़ा। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) सागर राणा के निर्देशन में भीलवाड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला विशेष टीम (DST) और करेड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए ₹5,000 के वांछित इनामी अपराधी काना उर्फ कन्हैया लाल गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस थाना करेड़ा के हत्या के प्रयास और पुलिस थाना बागौर के अपहरण के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सहाड़ा) बुद्धराज के निर्देशन, वृत्ताधिकारी (आसीन्द) ओमप्रकाश के सुपरविजन तथा करेड़ा थानाधिकारी पुरण मल मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
मामला क्या था?
घटना 6 फरवरी 2026 की है। प्रार्थी कन्हैया लाल गुर्जर (निवासी नाहरी, रायपुर हाल जालमपुरा चौराया) द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार:
लड़ाई-झगड़े में बीच-बचाव:
प्रार्थी का भतीजा धवल कुमार गुर्जर 6 फरवरी की रात को भीलवाड़ा से नाहरी लौट रहा था। देर रात होने के कारण वह केसरपुरा में अपने साढू के घर रुक गया। सुबह वहां हो रहे एक झगड़े में धवल ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद वह पैदल ही नाहरी के लिए निकल गया।
साजिश के तहत हमला:
रास्ते में जालमपुरा चौराया-छापरिया खेड़ा मोड़ के पास धवल ने अपने दोस्त दीपक लाठी को फोन किया। दीपक ने साजिश के तहत धवल से कहा कि बेमाली की तरफ से जगदीश गुर्जर एक बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार लेकर आ रहा है, वह उसी में बैठ जाए।
लोहे के सरियों और डंडों से मारपीट:
जैसे ही धवल ने गाड़ी को हाथ दिया, उसमें से जगदीश गुर्जर और दो अन्य अज्ञात युवक उतरे। उन्होंने धवल पर लकड़ी के डंडों और लोहे के सरियों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में धवल के शरीर पर गंभीर चोटें आईं और कई हड्डियां फ्रैक्चर हो गईं। आरोपी उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गए।
इस शिकायत पर करेड़ा थाने में प्रकरण संख्या 30/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 118(2), 109(1), और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम को कैसे मिली सफलता?
वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए गठित विशेष टीम ने पारंपरिक पुलिसिंग के साथ-साथ आधुनिक तकनीकी और वैज्ञानिक तरीकों का उपयोग किया। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों पर पैनी नजर रखी।आरोपियों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर (CDR) निकालकर उनका गहन विश्लेषण किया गया। पूर्व में गिरफ्तार हो चुके आरोपियों के करीबियों और सहयोगियों की निगरानी की गई। सटीक सूचना के आधार पर टीम ने दबिश देकर इनामी बदमाश काना उर्फ कन्हैया लाल (पिता श्रवण लाल गुर्जर, निवासी सराधना का बाडिया, करेड़ा) को दबोच लिया।