सिर और पैर में आई गंभीर चोटें, पुलिस ने चालक को किया डिटेन
पुनित चपलोत
भीलवाड़ा । भीलवाड़ा बाइपास पर बिजली ग्रीड के नजदीक राजस्व वसूली के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। ड्यूटी पर तैनात परिवहन विभाग के एक गार्ड को तेज रफ्तार ट्रेलर चालक ने रुकने के बजाय टक्कर मार दी। इससे गार्ड गंभीर रूप से जख्मी हो गया है, जिसे अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
भीलवाड़ा परिवहन कार्यालय के परिवहन निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मार्च महीने के राजस्व लक्ष्यों को पूरा करने के लिए उनकी टीम बुधवार दोपहर भीलवाड़ा बाइपास स्थित बिजली ग्रीड के नजदीक नेशनल हाईवे पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान विभाग के गार्ड छोटू सिंह ने गुजरात नंबर के एक संदिग्ध ट्रेलर को रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक ने ट्रेलर को रोकने के बजाय अपनी रफ्तार और बढ़ा दी और लापरवाही से चलाते हुए छोटू सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। वारदात को अंजाम देकर चालक ट्रेलर को मौके से भगा ले गया।
टक्कर इतनी भयानक थी कि छोटू सिंह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। उनके सिर में गहरा जख्म हुआ है और पैर में गंभीर चोट आई। विभाग की टीम उन्हें तुरंत सरकारी जीप से महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों के अनुसार, गार्ड के पैर में फ्रैक्चर है और सिर में गहरे घाव के कारण कई टांके लगाने पड़े हैं। फिलहाल उनका उपचार ट्रॉमा सेंटर के इमरजेंसी वार्ड में जारी है।
घटना के बाद आरोपी चालक ट्रेलर को सडक़ किनारे छोडक़र भाग खड़ा हुआ। परिवहन विभाग की सूचना पर पुर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गुजरात नंबर के ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक को भी डिटेन (हिरासत में) कर लिया है। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है कि क्या चालक ने जानबूझकर गार्ड पर गाड़ी चढ़ाई ।
