भीलवाड़ा में बेखौफ बदमाशों ने मां-बेटी को बनाया निशाना, डेढ़ तोले की सोने की चेन छीनी

भीलवाड़ा।  भीलवाड़ा शहर में बदमाशों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार को बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात के दौरान बदमाशों ने महिला के साथ मौजूद उसकी छोटी बच्ची को भी नुकसान पहुँचाने की कोशिश की।

पीहर जाते समय हुई वारदात

मिली जानकारी के अनुसार, सांगानेरी गेट स्थित जैन ज्योति कॉलोनी निवासी श्वेता जैन पत्नी अभय सिंह चौधरी गुरुवार दोपहर करीब अपनी स्कूटी (RJ 06 MS 5845) से शास्त्री नगर जा रही थीं। वह अपनी छोटी बच्ची आरणा को अपने पीहर छोड़ने जा रही थीं। जैसे ही वे आजाद चौक से आगे बढ़कर बडला चौराहा के पास पहुंचीं, पीछे से एक पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें ओवरटेक किया।

बच्ची की गर्दन पकड़ने का किया प्रयास

पीड़िता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारा और करीब डेढ़ तोले वजनी सोने की चेन तोड़ ली। इस दौरान बदमाशों ने स्कूटी पर बैठी मासूम बच्ची आरणा की गर्दन भी पकड़ ली, जिससे महिला का संतुलन बिगड़ते-बिगड़ते बचा।बिना नंबर की बाइक पर आए थे लुटेरे

श्वेता जैन ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों की बाइक का नंबर देखने की कोशिश की, लेकिन बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। पीछे बैठे बदमाश ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था। लूट की इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बैंक ऑफ बड़ौदा की तरफ तेज रफ्तार में भाग निकले।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।