भीलवाड़ा में आईजी राहुल कोटोकी का सख्त संदेशः: अपराधियों की खैर नहीं, दुबई गैंग और साइबर अपराध पर होगा बड़ा प्रहार

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा। जिले में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) राहुल कोटोकी ने गुरुवार को भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मैराथन समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए हर सक्रिय आपराधिक गिरोह पर निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में आईजी ने जिले में अपराध की स्थिति, लंबित प्रकरणों और कानून-व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने साइबर अपराधों पर विशेष फोकस करते हुए साइबर ठगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने, तकनीकी निगरानी मजबूत करने तथा आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक सागर राणा के साथ हाल ही में चर्चित दुबई से संचालित होकर भीलवाड़ा में रंगदारी और वसूली करने वाली गैंग पर भी विस्तृत चर्चा हुई। आईजी ने गिरोह से जुड़े प्रत्येक आरोपी की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने महिला अपराध, संगठित अपराध और अन्य गंभीर मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से ही कानून का भय कायम रहेगा और आमजन का पुलिस पर विश्वास मजबूत होगा। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उपाधीक्षक, थाना प्रभारी सहित जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के बाद आईजी राहुल कोटोकी ने पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर अभय कमांड सेंटर एवं विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद वे रायला थाना के निरीक्षण के लिए रवाना हुए, जहां निरीक्षण के बाद उनके जयपुर लौटने का कार्यक्रम निर्धारित है।