भीलवाड़ा में ट्रैफिक पुलिस का ‘महाअभियान’: काले शीशे, बिना नंबर और आपत्तिजनक स्लोगन वाले वाहनों पर कसा शिकंजा

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा। शहर में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। यातायात थाना पुलिस ने थाने के बाहर बैरिकेडिंग कर काले शीशे लगी कारों, बिना नंबर प्लेट संचालित वाहनों तथा वाहनों पर आपत्तिजनक डायलॉग और स्लोगन लिखवाने वालों वाहनों की जांच की।

अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान बनाए। काले शीशों वाली कारों के शीशों पर लगी फिल्म मौके पर ही हटवाई गई। वहीं बिना नंबर प्लेट संचालित वाहनों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।

यातायात थाना प्रभारी बाबूलाल टेपण ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों पर निर्धारित नंबर प्लेट लगाने तथा नियमों के अनुरूप वाहन संचालित करने की अपील की। पुलिस ने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।