भीलवाड़ा एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई -: चाय की थड़ी की आड़ में नशे का व्यापार, एमडीएमए के साथ एक गिरफ्तार

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा। जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चाय की थड़ी की आड़ में चल रहे मादक पदार्थों के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मौके से एक संचालक को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एमडीएमए बरामद किया है।

मुखबिर की सूचना पर दबिश, रंगे हाथों पकड़ाया आरोपी

एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि पुर रोड स्थित प्रतापनगर पुलिस चौकी के पास जलदाय विभाग की दीवार के समीप एक चाय की थड़ी पर नशे का कारोबार संचालित हो रहा है। इस पर एएनटीएफ टीम ने प्रतापनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए लेबर कॉलोनी निवासी पूरण (45) पुत्र नारायण भांबी की थड़ी पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से छह ग्राम एमडीएमए बरामद हुई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

डॉग स्क्वायड के साथ सघन सर्च, कई ठिकानों पर छापे

कार्रवाई के बाद एएनटीएफ टीम ने जिले में संभावित नशा तस्करों के ठिकानों पर भी शिकंजा कसते हुए सघन सर्च अभियान चलाया। चौकी प्रभारी अयुब खां के नेतृत्व में डॉग स्क्वायड ‘प्रिंस’ की मदद से कावांखेड़ा कच्ची बस्ती, मोहम्मदी कॉलोनी और हाईवे किनारे ढाबों सहित कई स्थानों पर तलाशी ली गई, हालांकि अन्य जगहों पर कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।

आईजी के निर्देश पर तेज हुआ अभियान

एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई है, जिससे अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर एमडीएमए की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य तस्करों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।