भीलवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: निवेश के नाम पर ₹27 लाख की साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

भीलवाड़ा। जिला पुलिस अधीक्षक श्री सागर राणा (IPS) के आदेशानुसार, भीलवाड़ा की साइबर थाना पुलिस ने फर्जी कंपनी के नाम पर निवेश कराकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में आरोपी देवांश शर्मा को गिरफ्तार किया है, जो वर्तमान में एक हत्या के मामले में न्यायिक हिरासत में चल रहा था। इस प्रकरण में पूर्व में भी 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

क्या है पूरा मामला

13 अप्रैल 2026 को भीलवाड़ा के एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपियों ने खुद को सेबी (SEBI) रजिस्टर्ड बताते हुए उसे ‘कोटक सिक्योरिटीज प्राइवेट मार्केट ट्रेडिंग’ से जुड़े व्हाट्सएप ग्रुपों में जोड़ा। इसके बाद आईपीओ (IPO) और शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर उसका विश्वास जीता गया।

आरोपियों ने एक फर्जी ऐप (NEO KOTMAT APP / KOTPRO APP) के माध्यम से पीड़ित और उसके परिवार पर मानसिक दबाव बनाया। 25 फरवरी 2026 से 30 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग किश्तों में पीड़ित के बैंक खातों से कुल ₹26,98,000 विभिन्न फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। इसके बाद पीड़ित की सहमति के बिना ‘EMIAC TECHNOLOGIES LTD’ के शेयर आवंटित दिखाकर और रुपयों की मांग की जाने लगी। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई और कानूनी धाराएं

पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में प्रकरण संख्या 11/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की धारा 318(4), 319(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। हेमंत नोगिया (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, त्वरित अनुसंधान एवं निस्तारण दल) के निर्देशन और साइबर थाना प्रभारी रामशरण (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और संदिग्ध बैंक खातों की जांच करते हुए मुख्य आरोपी देवांश शर्मा को धर दबोचा। जांच में सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम ऐप के माध्यम से साइबर ठगी की राशि प्राप्त करने के लिए संदिग्ध बैंक खातों का सौदा (बेचान) करता था।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

रामशरण — पुलिस निरीक्षक, साइबर थाना भीलवाड़ा (टीम नेतृत्व)

बाबू लाल — कांस्टेबल, साइबर थाना भीलवाड़ा

प्रभुराम — कांस्टेबल, साइबर थाना भीलवाड़ा