दीपक राठौर
बिजोलिया। स्मार्ट हलचल|नेशनल हाईवे 27 पर आज का दिन बेहद अमंगल साबित हुआ। हाईवे पर दो अलग-अलग स्थानों पर हुए दर्दनाक हादसों में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहला हादसा: मेनाल घूमकर लौट रहे बिहार के छात्र की मौत
मिली जानकारी के अनुसार, कोटा में रहकर पढ़ाई करने वाले चार छात्र कल शाम दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मेनाल घूमने आए थे। आज सुबह जब वे वापस मेनाल से कोटा लौट रहे थे, तभी बिजोलिया के कैसरगंज कट पर एक मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर स्लिप हो गई।
इस हादसे में बाइक सवार 15 वर्षीय छात्र शिवम सिंह राजपूत (निवासी: मुजफ्फरनगर, बिहार) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, इसी बाइक पर सवार दूसरा छात्र अर्पित (निवासी: झारखंड) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
दूसरा हादसा: स्कूल से लौट रहे शिक्षक दंपती को कार ने कुचला
दूसरा भीषण हादसा नेशनल हाईवे 27 पर किशन निवास चौराहा, मोदी के ढाबे के पास हुआ। यहाँ एक तेज रफ्तार हुंडई कार ने ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजेश मीणा (35 वर्ष, पिता सोजी राम मीणा) और उनकी पत्नी राम माला मीणा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से अकतासा (तालेड़ा, जिला बूंदी) के रहने वाले थे।
• 6 महीने पहले ही हुई थी शादी: सूत्रों के मुताबिक, राजेश और राम माला की शादी इसी साल अप्रैल माह में हुई थी। वर्तमान में दोनों बिजोलिया में ही रह रहे थे।
• पत्नी को स्कूल से लेकर लौट रहा था पति: मृतका राम माला गणेशपुरा के एक स्कूल में शिक्षिका (टीचर) के पद पर तैनात थीं, जबकि राजेश प्रतियोगिता परीक्षाओं (जॉब) की तैयारी कर रहा था। राजेश रोज अपनी पत्नी को स्कूल छोड़ने और लेने जाता था। आज भी वह पत्नी को स्कूल से लेकर लौट रहा था, तभी किशन निवास के पास पीछे से आ रही कार ने उन्हें चपेट में ले लिया।
अस्पताल प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई
घटना के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस की मदद से मृतकों को उप जिला चिकित्सालय बिजोलिया लाया गया। वहीं, बिजोलिया थाना पुलिस ने भी तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों हादसों के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।