बिजौलिया नगर पालिका चुनाव में तीसरे मोर्चे की एंट्री, भाजपा से बगावत कर यशवंत सिंह पुंगलिया ने बनाई “पथिक सेना”

(महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।बिजौलिया नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा और कांग्रेस जहां चुनावी मैदान में अपनी रणनीति मजबूत करने में जुटी हैं, वहीं अब कस्बे की राजनीति में तीसरे मोर्चे की एंट्री ने मुकाबले को और रोचक बना दिया है। भाजपा की कार्यशैली से नाराज यशवंत सिंह पुंगलिया ने पार्टी से बगावत कर “पथिक सेना” नाम से नए राजनीतिक मोर्चे के गठन का ऐलान कर दिया है।
हालांकि राज्य सरकार की ओर से अभी नगर पालिका चुनाव की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन बिजौलिया के वार्डों में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। भाजपा जहां डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों के सहारे मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है, वहीं कांग्रेस भाजपा सरकार की कमियों को मुद्दा बनाकर जनता तक पहुंचने में लगी हुई है।
“दोनों दल शहर के मुद्दों पर मौन”
संवाददाता से बातचीत में यशवंत सिंह पुंगलिया ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर शहर के विकास की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिजौलिया में नियमित सफाई व्यवस्था, छोटा फील्ड खेल मैदान का विकास, तेजाजी चौक स्थित अंग्रेजी माध्यम स्कूल भवन निर्माण, गौशाला निर्माण, टूटी सड़कों की मरम्मत, पथिक पार्क का सौंदर्यीकरण, ट्रैफिक व्यवस्था सुधार, रोडवेज बस स्टैंड विकास, अन्नपूर्णा रसोई योजना पुनः शुरू करने और चारागाह भूमि पर अतिक्रमण रोकने जैसे मुद्दों पर दोनों दल चुप्पी साधे हुए हैं।
पुंगलिया ने आरोप लगाया कि भाजपा के “फोटो छाप नेता” बड़े नेताओं को खुश करने में लगे हैं, जबकि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका प्रभावी तरीके से नहीं निभा पा रही। उन्होंने कहा कि शहर की जनता अब दोनों दलों से ऊब चुकी है और यही कारण है कि तीसरे मोर्चे की जरूरत महसूस हुई।
हर वार्ड में उतारेगी प्रत्याशी
पथिक सेना के संयोजक यशवंत सिंह पुंगलिया ने दावा किया कि आगामी नगर पालिका चुनाव में संगठन हर वार्ड से अपना उम्मीदवार उतारेगा। उन्होंने कहा कि शहर की जनता बदलाव चाहती है और पथिक सेना को व्यापक समर्थन मिलेगा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि तीसरा मोर्चा मजबूती से चुनाव मैदान में उतरता है तो इस बार बिजौलिया नगर पालिका चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों की गणित बिगड़ सकती है।