खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। दरियापुर पुल के पास बाइक सवार बदमाशों ने बैंक जा रही वृद्ध महिला को निशाना बनाते हुए उनकी नाक में पहनी सोने की पोंगी छीन ली। छीना-झपटी के दौरान महिला घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।प्राप्त जानकारी के अनुसार किशनपुर थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव निवासी बरकतुन निशा पत्नी अजमत अली बुधवार सुबह करीब 11 बजे पैदल खखरेरू थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा, में पैसा निकालने जा रही थीं। रास्ते में बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और भैंस खरीदने का बहाना बनाकर बातचीत करने लगे। इसी दौरान पीछे बैठे बदमाश ने मौका पाकर महिला की नाक में पहनी लगभग तीन ग्राम वजनी सोने की पोंगी झपट्टा मारकर निकाल ली।
अचानक हुए हमले से महिला सड़क पर गिर पड़ी, जिससे उनकी नाक में गंभीर चोट आ गई। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में खखरेरू थाना के प्रभारी निरीक्षक विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है और जांच कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
