बिना सूचना 25 सफाई कर्मचारियों को हटाने पर भड़का आक्रोश सफाई कर्मचारीयों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं
किशन खटीक/
रायपुर, 30 जुलाई। ग्राम पंचायत रायपुर में 1 जुलाई 2026 से लगभग 25 सफाई कर्मचारियों को बिना पूर्व सूचना एवं वैधानिक प्रक्रिया अपनाए कार्य से हटाए जाने, पाँच माह का बकाया वेतन नहीं देने तथा गांव की सफाई व्यवस्था चरमराने के विरोध में डा. भीमराव अम्बेडकर युवा संगठन संस्था, रायपुर भीलवाड़ा के अध्यक्ष ज्ञानचंद खटीक के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी रायपुर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत द्वारा सफाई कर्मचारियों को बिना लिखित आदेश, कारण बताओ नोटिस अथवा नियमानुसार प्रक्रिया अपनाए कार्य से हटाया गया, जिससे करीब 25 परिवारों की आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। साथ ही कर्मचारियों का लगभग पाँच माह का बकाया वेतन भी अब तक जारी नहीं किया गया है, जिससे उनके परिवार आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि वर्तमान में गांव के अधिकांश वार्डों और मोहल्लों में नियमित सफाई नहीं होने से नालियों में गंदगी जमा हो रही है तथा डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित मौसमी बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। विशेष रूप से दलित, घुमंतू, आदिवासी, पिछड़े एवं अल्पसंख्यक समुदाय की बस्तियों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की बात भी ज्ञापन में कही गई है। संगठन ने मांग की कि हटाए गए सभी सफाई कर्मचारियों को नियमानुसार पुनः कार्य पर लिया जाए, उनका लंबित वेतन तत्काल जारी किया जाए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही ग्राम पंचायत के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के नियमित सफाई व्यवस्था बहाल करने तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग भी की गई। इस दौरान ज्ञानचंद खटीक ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई तो सफाई कर्मचारी, सामाजिक संगठन एवं ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन पर सफाई कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी समर्थन स्वरूप हस्ताक्षर किए।
