मुख्य स्थानों पर सफाई नहीं होने से भाजपा पार्षदों में आक्रोश-एसडीएम के माध्यम से उठाई आवाज; सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग
शिवराज बारवाल मीना
टोंक ।स्मार्ट हलचल|नगर पालिका उनियारा में बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर भाजपा पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए नाराजगी जाहिर की। भाजपा पार्षदों ने सफाई व्यवस्था के नाम पर महज खानापूर्ति किए जाने तथा नगर पालिका अध्यक्ष पर मनमानी करने के आरोप लगाए। इस संबंध में पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी के माध्यम से अपनी मांग रखते हुए शहर की सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार करवाने की मांग की। भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष की मनमानी के चलते शहर के मुख्य स्थानों पर समुचित सफाई नहीं हो रही है। कई महत्वपूर्ण मार्गों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी का आलम बना हुआ है। इसके बावजूद सफाई के नाम पर केवल दिखावा कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। धरातल पर सफाई व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। पार्षदों ने कहा कि नगर पालिका का प्रमुख दायित्व शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखना है, लेकिन वर्तमान हालात में आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सफाई के नाम पर कागजी खानापूर्ति करने के बजाय शहर के प्रमुख स्थानों, बाजारों, सार्वजनिक मार्गों एवं सभी वार्डों में नियमित सफाई करवाई जानी चाहिए। साथ ही सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। भाजपा पार्षदों ने प्रशासन से मांग की कि नगर पालिका क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का निष्पक्ष निरीक्षण करवाया जाए, सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग हो तथा लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने प्रशासनिक मनमानी पर अंकुश लगाकर शहरवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाने की मांग उठाई। भाजपा पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि शहर की सफाई व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो इस मुद्दे को लेकर आगे भी आवाज बुलंद की जाएगी तथा आमजन के हित में आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।