अनिल कुमार
जिला ब्यावर
नगर निकाय व पंचायत चुनाव टालने पर भी उठाए सवाल
स्मार्ट हलचल|ब्यावर विधानसभा से वर्ष 2013 के कांग्रेस प्रत्याशी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज चौहान ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुशासन में अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं, अमृत कोर अस्पताल में न पर्याप्त डॉक्टर हैं और न ही जरूरी दवाइयां उपलब्ध हैं। शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर दिया गया है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को मिलने वाली पेंशन योजनाओं में कटौती कर समाज के कमजोर वर्गों के साथ अन्याय किया गया है।
उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार की जनउपयोगी और लोककल्याणकारी योजनाओं को बंद कर गरीब, मजदूर और किसान को मिलने वाली राहत छीन ली गई। भाजपा सरकार को गरीब, किसान और दलित विरोधी बताते हुए मनोज चौहान ने कहा कि सरकार जनहित के बजाय पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि वोट चोरी और चुनावी धांधली के जरिए लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर सीधा हमला है और कांग्रेस इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और बिना रिश्वत के आम आदमी का कोई काम नहीं हो रहा।
नगर निकाय और पंचायत चुनाव मे हार से डर रही भाजपा सरकार
मनोज चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार नगर निकाय और पंचायत चुनाव कराने से जानबूझकर बच रही है, क्योंकि उसे अपनी हार साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर भाजपा के खिलाफ जबरदस्त जनआक्रोश है और सरकार इसी डर के कारण स्थानीय निकायों के चुनाव टाल रही है। उन्होंने तथ्य रखते हुए कहा कि लोकतंत्र में समय पर चुनाव कराना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है, लेकिन भाजपा सरकार इस जिम्मेदारी से भाग रही है।
उन्होंने कहा कि चुनाव न कराकर जनप्रतिनिधियों के अधिकार छीने जा रहे हैं और अफसरशाही के माध्यम से जनता पर शासन थोपा जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। मनोज चौहान ने कहा कि स्थानीय स्वशासन को कमजोर करना भाजपा की सोची-समझी रणनीति है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी कथित दो साल की झूठी उपलब्धियां गिनाकर जनता को गुमराह कर रही है,थोथी वाहवाही लूट रही है धरातल पर सरकार कोई भी योजना को नहीं उतार पाई है हकीकत में हालात बद से बदतर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां पूरी तरह जनविरोधी हैं और जनता अब सच्चाई समझ चुकी है।
अंत में मनोज चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता के हक, अधिकार और सम्मान की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी। भाजपा सरकार के कुशासन, भ्रष्टाचार और लोकतंत्र विरोधी रवैये के खिलाफ कांग्रेस सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और आने वाले चुनावों में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी।


