शहरी विकास जरूरी पर व्यापारियों का कामकाज प्रभावित ना हो इसके लिए पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाए प्रशासन – मेवाड़ा
भीलवाड़ा 13 मार्च। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू से मुलाकात कर भीलवाड़ा शहर में मुख्य बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर तोड़े जा रहे निर्माण के बाद उन स्थानों पर सुव्यवस्थित पुनर्निर्माण को लेकर एक पत्र सौंपा। जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि जिलाध्यक्ष मेवाड़ा ने जिला कलक्टर का ध्यान इस ओर आकर्षित किया कि प्रशासन द्वारा तोड़े गए निर्माणों के कारण व्यापारियों का दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है, इस ओर गंभीरता से ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
*बाजारों में सुव्यवस्थित पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य को करें सुनिश्चित*
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के मुख्य बाजारों और प्रतिष्ठानों के बाहर से जिस गति से निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई है, उसी तत्परता और योजनाबद्ध तरीके से उन स्थानों पर मरम्मत एवं सुव्यवस्थित पुनर्निर्माण कार्य भी सुनिश्चित किया जाए। आगामी दिनों में नवरात्रि, शादी-ब्याह और आखा तीज जैसे बड़े त्योहारों के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है, ऐसे में बाजारों को शीघ्र उनके मूल स्वरूप में लाना अत्यंत आवश्यक है।
*आवासीय क्षेत्रों में कार्रवाई से पूर्व आमजन को विश्वास में लेना जरूरी*
मेवाड़ा ने कहा कि शहर के भीतरी हिस्सों और आवासीय कॉलोनियों मे इस प्रकार की कार्यवाही से पूर्व आमजन के हितों का पूर्ण ध्यान रखते हुए उन्हें विश्वास में लिया जाए। कार्रवाई अत्यंत आवश्यक हो, तो उसे सर्वे के आधार पर केवल उन क्षेत्रों में सीमित रखा जाए जहां जल भराव, गंदे पानी की निकासी में अवरोध या गंभीर जन-शिकायतें हों। बेवजह की गई कार्रवाई से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही कार्यवाही से पूर्व नोटिस या आम सूचना जारी कर भी संबंधित क्षेत्रवासियों को अवगत कराया जाए। वहीं एक साथ सभी स्थानों पर कार्रवाई शुरू होने से प्रशासन के लिए मरम्मत कार्य संभालना कठिन होगा और जनता पर इसका दोहरा असर पड़ेगा। इसलिए पहले बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों के पुनर्निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करवाया जाना चाहिए।
पत्र के अंत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ‘विकसित राजस्थान’ के विजन एवं आमजन के साथ व्यापारियों के हितों की रक्षा का उल्लेख करते हुए कहा गया कि प्रदेश में आगामी निकाय एवं पंचायत राज चुनावों के चलते प्रशासनिक तंत्र व्यस्त हो सकता है। ऐसी स्थिति में पुनर्निर्माण कार्य भी प्रभावित होना संभावित है, जिसके चलते आमजन और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अतः प्रशासन को तुरंत निर्णय लेते हुए एक निश्चित समय सीमा तय करनी चाहिए ताकि चुनाव पूर्व सभी विकास कार्य पूर्ण हो सकें और जनता को राहत मिल सके।
*जिला कलक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को किया आश्वस्त*
भाजपा के प्रतिनिधिमंडल को जिला कलक्टर ने आश्वस्त किया कि शहर के बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर पुनर्निर्माण को मार्च माह में ही पूर्ण कराए जाने की प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आवासीय क्षेत्रों में कार्यवाही के मुद्दे पर भी आश्वस्त किया कि पूरी योजना बनाकर आमजन को विश्वास में लेने के साथ ही सर्वाधिक जल भराव की समस्या वाले क्षेत्रों में ही प्राथमिकता के आधार पर एक्शन प्लान बनाया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा के प्रतिनिधिमंडल में जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी, अविनाश जीनगर, जिला उपाध्यक्ष गोपाल तेली, कुलदीप शर्मा, मंजू चेचाणी, जिला मंत्री आरती कोगटा, जिला कोषाध्यक्ष ललित अग्रवाल, जिला सह कोषाध्यक्ष पंकज मानसिंहका, जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया, मनोज बुलानी, शशांक बिड़ला, अभिश्रुता सोलंकी, बीएलए वन मुकेश चेचाणी, सुभाष मंडल अध्यक्ष ऋतुशेखर शर्मा, गणेश मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी, प्रताप मंडल अध्यक्ष नागेन्द्र सिंह, पंकज क्षोत्रिय, पुनीत प्रताप सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
