उदलियास में भाजपा मंडल कार्यसमिति की बैठक आयोजित, आगामी कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा

राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी।स्मार्ट हलचल।भारतीय जनता पार्टी मंडल कोटड़ी की मंडल कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक उदलियास पंचायत मुख्यालय स्थित बाग का बालाजी मंदिर परिसर में मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा जिला मंत्री एवं मंडल पालक लादू लाल जाट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों से संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा पार्टी की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है और सभी को आगामी कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। मुख्य अतिथि एवं मंडल पालक लादू लाल जाट ने अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे डिजिटल लर्निंग अभियान की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यम संगठन को मजबूत बनाने का प्रभावी साधन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिक से अधिक उपयोग करने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से सकारात्मक संवाद स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सदस्यता विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, सेवा गतिविधियों एवं विभिन्न अभियानों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की। साथ ही सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठक में संगठनात्मक विषयों पर खुलकर विचार-विमर्श किया गया तथा आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी तय की गईं। कार्यकर्ताओं ने भी अपने सुझाव रखते हुए संगठन को गांव-गांव एवं बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाने पर बल दिया।बैठक में मंडल महामंत्री राघव आचार्य, महामंत्री शिवराज जाट, मंडल उपाध्यक्ष नंद भंवर कंवर, रामेश्वर जाट, सुदर्शन पाल डागा, मंडल मंत्री नारायण सिंह, रामलाल जाट, कल्याण गाडरी, राकेश क्षोत्रिय, कोषाध्यक्ष देऊ देवी गाडरी सहित मंडल के पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य एवं भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।