भाजपा का पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग आयोजित

भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, राष्ट्रभक्ति का आंदोलन : सी.पी. जोशी

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल।भारतीय जनता पार्टी जिला चित्तौड़गढ़ का पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग रविवार को सांवलियाजी स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित हुआ। प्रशिक्षण वर्ग से पूर्व सांसद सी.पी. जोशी, जिला प्रभारी विमल अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, विधायक अर्जुनलाल जीनगर, प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी शक्ति सिंह कालियास, जानकी दास वैष्णव, पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट, जिला महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रूद, कैलाश मंत्री एवं झालावाड़ सह प्रभारी सागर सोनी ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सेवा, समर्पण और सांस्कृतिक चेतना का राष्ट्रीय आंदोलन है। भाजपा “नेशन फर्स्ट, पार्टी सेकंड और व्यक्ति अंतिम” की भावना के साथ कार्य करती है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का एकमात्र देश है जहां भूमि को “भारत माता” कहकर संबोधित किया जाता है और “भारत माता की जय” का उद्घोष राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बन चुका है।

जोशी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दर्शन व्यक्ति, समाज और प्रकृति के संतुलन पर आधारित है। इसमें आर्थिक विकास के साथ मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक विकास को भी समान महत्व दिया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को इसी विचारधारा का विस्तार बताया। सत्र की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने की।

द्वितीय सत्र में जिला प्रभारी विमल अग्रवाल ने भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक पृष्ठभूमि, जनसंघ से भाजपा तक की विकास यात्रा एवं संगठन की कार्यशैली पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा विचार आधारित संगठन है, जिसने राष्ट्रहित और कार्यकर्ता आधारित राजनीति को हमेशा प्राथमिकता दी है।

तृतीय सत्र में श्रीचंद कृपलानी ने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा सरकारें गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जल एवं बिजली योजनाओं, महिला सशक्तिकरण एवं कौशल विकास योजनाओं का उल्लेख किया।

राजस्थान सरकार के सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक ने कार्यकर्ता विकास एवं नेतृत्व क्षमता विषय पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि एक कार्यकर्ता में अच्छा श्रोता, प्रभावी वक्ता, सकारात्मक सोच और प्रशासनिक क्षमता होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वयं के प्रति अनुशासन और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता ही सफल नेतृत्व की पहचान है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा ने पार्टी की कार्यप्रणाली एवं संगठनात्मक व्यवस्था पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और यहां संगठनात्मक अनुशासन ही “पार्टी विद डिफरेंस” की पहचान है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा में शॉर्टकट राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है।

दूसरे दिन के सत्र में भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने देश की राजनीतिक चुनौतियों पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने सांस्कृतिक आक्रमण, आतंकवाद, नशा तस्करी, अर्बन नक्सलवाद, लव जिहाद, लैंड जिहाद, घुसपैठ एवं पर्यावरण संबंधी चुनौतियों को गंभीर विषय बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रवादी विचारधारा पर दृढ़ विश्वास रखने का आह्वान किया।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संविधान की मूल भावना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा आतंकवाद के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति ही सबसे प्रभावी समाधान है। उन्होंने स्वदेशी अपनाने और मजबूत राष्ट्रीय नीति की आवश्यकता पर बल दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष मिठ्ठूलाल जाट ने बूथ प्रबंधन, स्थायी कार्यक्रम एवं “मन की बात” विषय पर विचार रखे, वहीं भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठ सह प्रभारी श्रवण सिंह राव ने कार्य विस्तार पर विस्तृत जानकारी दी।