कोटड़ी श्याम के दरबार में 1008 यूनिट रक्तदान का संकल्प

:- जलझूलन महोत्सव के तहत 13 सितंबर को लगेगा विशाल रक्तदान शिविर, पोस्टर विमोचन के साथ शुरू हुआ आमंत्रण अभियान
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी।
स्मार्ट हलचल|श्री कोटड़ी श्याम जलझूलन महोत्सव-2026 के तहत रक्तदान महाअभियान बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। श्री चारभुजा मंदिर परिसर में 13 सितंबर को विशाल रक्तदान शिविर लगेगा। श्री चारभुजा मंदिर ट्रस्ट एवं सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन, भीलवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले शिविर में 1008 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है।शिविर के बैनर एवं पोस्टर का विमोचन सोमवार को श्री चारभुजा मंदिर परिसर में किया गया। पोस्टर विमोचन के साथ ही कोटड़ी श्याम के भक्तों, युवाओं और रक्तवीरों को अभियान से जोड़ने के लिए आमंत्रण अभियान की शुरुआत हुई। श्री चारभुजा मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष सुदर्शन गाड़ोदिया ने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने में सहयोग किया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं श्याम भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने का आह्वान किया।सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन के सचिव गोपाल विजयवर्गीय ने बताया कि मंदिर परिसर में लगातार नौवें वर्ष रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। हर वर्ष भक्तों और युवाओं में रक्तदान के प्रति उत्साह बढ़ रहा है। इसी उत्साह को देखते हुए इस बार 1008 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। पोस्टर विमोचन के बाद फाउंडेशन के कार्यकर्ता आसपास के गांवों में संपर्क अभियान चलाएंगे। गांव-गांव पहुंचकर युवाओं, रक्तदाताओं और श्याम भक्तों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजकों ने कहा कि जलझूलन महोत्सव के दौरान धार्मिक आस्था के साथ सेवा का संदेश देने के उद्देश्य से यह रक्तदान अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष सुदर्शन गाड़ोदिया, सचिव श्याम सुंदर चेचानी, कोषाध्यक्ष चंपालाल तेली, गुर्जर समाज मंदिर निर्माण समिति अध्यक्ष रामलाल गुर्जर, सहयोग सेवार्थ फाउंडेशन के सचिव गोपाल विजयवर्गीय, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन, भाजपा नेता भरत सिंह, पंचायत समिति सदस्य राजेंद्र सोनी, ट्रस्टी जगदीश सोनी, ओम पालीवाल, कैलाश काबरा, कमल डीडवानिया, नारायण माली, सत्यनारायण तेली, अनिल प्रजापत, श्याम सुंदर भट्ट सहित कई लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कोटड़ी श्याम के भक्तों एवं क्षेत्रवासियों से 13 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने और 1008 यूनिट रक्तदान के संकल्प को पूरा करने में सहभागी बनने का आह्वान किया।