20 सदस्यो को 279.20 लाख का ऋण वितरित,24 नए सदस्य बनाएं
ओटीएस योजना के तहत दी 2.25 लाख रुपये की राहत
कोटा।स्मार्ट हलचल|कोटा नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड की संचालक मंडल एवं ऋण समिति की बैठक शुक्रवार को रावतभाटा रोड स्थित बैंक के प्रधान कार्यालय में अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बैंक की वित्तीय स्थिति, ऋण वसूली, ग्राहक सुविधाओं और भावी कार्ययोजना सहित 30 एजेंडों पर विचार-विमर्श कर प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया।
प्रबंध संचालक बीना बैरवा ने बताया कि बैठक में सीआरआर एवं एसएलआर की अनुपालना, एकमुश्त ऋण समाधान योजना (ओटीएस), आमसभा व्यय की पुष्टि, वित्तीय विवरण एवं एलएफएआर रिपोर्ट, जमाओं की समीक्षा, पूंजीगत व्यय, वार्षिक योजना, एनपीए वसूली, ग्राहक सेवा, बैंक के तलपट एवं आय-व्यय, सुरक्षा व्यवस्था, इंटर-ब्रांच एवं बैंक रिकन्सिलिएशन तथा प्रतिभूति निवेश सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
ओटीएस योजना को तीन माह का विस्तार
अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने बताया कि एकमुश्त ऋण समाधान योजना-2025 (संशोधित) के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। योजना के तहत पांच सदस्यों को 2.25 लाख रुपये की ब्याज राशि में राहत प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 24 नए सदस्यों को बैंक से जोड़ा गया तथा 20 सदस्यों को कुल 279.20 लाख रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए। योजना के उत्साहजनक परिणामों को देखते हुए इसे तीन माह का अतिरिक्त विस्तार देने का निर्णय लिया गया।
बैंक ने अर्जित किया 1.71 करोड़ का शुद्ध लाभ
बैठक में बैंक की वित्तीय स्थिति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि बैंक की कुल जमाएं 832.67 करोड़ रुपये तक पहुंच गईं, जबकि ऋण वितरण 287.57 करोड़ रुपये से अधिक रहा। बैंक ने 1.71 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया। प्रबंध संचालक बीना बैरवा ने बताया कि बैंक का नकद आरक्षित अनुपात (सीआरआर) एवं सांविधिक तरलता अनुपात (एसएलआर) भारतीय रिजर्व बैंक के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप है। बैठक में एनपीए की स्थिति एवं ऋण वसूली की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में बोर्ड संचालक महेन्द्र कुमार शर्मा, सुरेश चंद्र काबरा, महावीर सुवालका, नंदलाल प्रजापति, पदमिनी हाड़ा एवं तनिशा बादल, सहवर्ती संचालक नवनीत जाजू, अरुण भार्गव एवं प्रेम भाटिया तथा बोम अध्यक्ष ओम माहेश्वरी, महेश अजमेरा, सुरेन्द्र गोयल एवं भक्ति निगम उपस्थित रहे।