सेंध लगाकर नकदी व जेवरात चोरी, लाखों के सामान पर हाथ साफ

खखरेरू/ स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के बरहटा गांव में चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बरहटा गांव निवासी रूवाब अहमद के मकान के पीछे की ओर से चोरों ने दीवार की नींव खोदकर घर में प्रवेश किया। इसके बाद घर में रखे जेवरात और नकदी समेटकर फरार हो गए। पीड़िता शायना बानो के मुताबिक चोर एक जोड़ी झुमकी, एक पायल, दो मंगलसूत्र तथा ₹20 हजार नकद लेकर चले गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना किया और घटना की जानकारी जुटाई। पीड़ित परिवार ने शीघ्र खुलासे और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।